*पोल पर बिजली लाइन दुरुस्त करते समय संविदा लाइनमैन को लगा करंट, मची अफरा-तफरी*

*पोल पर बिजली लाइन दुरुस्त करते समय संविदा लाइनमैन को लगा करंट, मची अफरा-तफरी*
~ 11 हजार वोल्ट के बैक करंट की चपेट में आया कर्मी, हाथ-पैर सुन्न होने पर जिला अस्पताल में भर्ती

सोनभद्र (विनोद मिश्रा /सेराज अहमद)

पसही विद्युत उपकेंद्र से संचालित बिजली व्यवस्था के तहत लाइन दुरुस्त करने के दौरान बुधवार को एक संविदा लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसके हाथ-पैर सुन्न हो गए। मौके पर मौजूद अन्य लाइनमैनों ने किसी तरह उसे पोल से नीचे उतारा और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पसही विद्युत उपकेंद्र से करीब आठ फीडरों के माध्यम से लगभग 180 गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। यहां करीब 20 से 25 संविदा लाइनमैन विद्युत व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कार्यरत हैं। बताया जाता है कि लाइनमैन दिन-रात मेहनत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम करते हैं।बुधवार को बहेरा निवासी करीब 35 वर्षीय संविदा कर्मी रमेश कुमार पुत्र राम अवध बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन दुरुस्त कर रहा था। इसी दौरान वह दूसरे फीडर की लाइन से आए करंट की चपेट में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से उसके हाथ-पैर सुन्न हो गए, हालांकि वह पोल से नीचे नहीं गिरा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लाइनमैनों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह रमेश को पोल से नीचे उतारकर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया तथा घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई।
*सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता पर उठे सवाल*
घटना के बाद संविदा लाइनमैनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों और चर्चा के अनुसार कर्मियों को कार्य के दौरान उपयोग होने वाले सेफ्टी बेल्ट, ग्लव्स, प्लास सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल पा रही है। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में सुरक्षा उपकरणों के अभाव में लाइनमैनों की जान जोखिम में पड़ सकती है।परिजनों का आरोप है कि बार-बार मांग किए जाने के बावजूद संविदा कर्मियों को कार्य पर लगाया जा रहा है, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने विद्युत विभाग से लाइनमैनों को मानक के अनुरूप सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
*जेई ने कहा—11000 वोल्ट का लगा बैक करंट*
इस संबंध में अवर अभियंता कमलेश कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि रमेश कुमार को 11 हजार वोल्ट का बैक करंट लगा है, जिससे उसके हाथ-पैर सुन्न हो गए थे। अस्पताल में उसकी खून की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल उनकी जानकारी के अनुसार कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles