
*डिजिटल अरेस्ट कर सेवानिवृत्त अधिकारी से 2.36 करोड़ की साइबर ठगी*
*डिजिटल अरेस्ट कर सेवानिवृत्त अधिकारी से 2.36 करोड़ की साइबर ठगी*
•~ मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, 75 लाख रुपये फ्रीज; टाटा हैरियर, 2.10 लाख नकद और फर्जी हाईकोर्ट अधिवक्ता आईडी बरामद
सोनभद्र (विनोद मिश्रा /सेराज अहमद )
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर सेवानिवृत्त अधिकारी को भयभीत कर करीब 2 करोड़ 36 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में गिरोह के मुख्य आरोपी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ठगी की रकम में से 75 लाख रुपये होल्ड/फ्रीज कराने के साथ ही आरोपियों के कब्जे से टाटा हैरियर कार, 2.10 लाख रुपये नकद, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और इलाहाबाद हाईकोर्ट अधिवक्ता का फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक ने साइबर क्राइम थाना सोनभद्र को सूचना दी कि एक सेवानिवृत्त कर्मचारी लगातार किसी व्यक्ति के बताए खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर कर रहा है। पूछताछ में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था, जिससे पुलिस को उसके साइबर ठगी का शिकार होने की आशंका हुई।सूचना पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी टीम के साथ बैंक पहुंचे। विस्तृत पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने हायर ज्यूडिशियरी और शासन के अधिकारियों का भय दिखाकर पीड़ित को कथित रूप से डिजिटल अरेस्ट कर रखा था। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में करीब 2.36 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए थे और लगातार और रकम की मांग की जा रही थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित बैंकों से संपर्क कर खातों पर रोक लगवाई और ठगी की रकम में से 75 लाख रुपये फ्रीज/होल्ड कराए। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं।पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए AI तकनीक के दुरुपयोग, डीपफेक इमेज और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से ब्लैकमेलिंग एवं एक्सटॉर्शन करने के आरोप में मुख्य अभियक्त अरुण कुमार दूबे पुत्र हर्षू प्रसाद दूबे, निवासी विजयपुर कलना, चुनार, मिर्जापुर को प्रयागराज स्थित ओमेक्स अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर कथित रूप से ठगी की रकम से खरीदी गई टाटा हैरियर कार और 2.10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में सहयोग करने वाली दो महिलाओं प्रियंका मिश्रा पत्नी स्व. संतोष कुमार मिश्रा और तेजल पुत्री स्व. संतोष कुमार मिश्रा दोनों निवासिनी घोड़गल्ली, श्रीवर्धन, रायगढ़, महाराष्ट्र। को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी साइबर हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में साइबर थाना, साइबर सेल, स्वाट टीम और ओबरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।











