
*बिजली का ‘ब्लैकआउट’- बिजली गई तो बढ़ गई मुश्किलें, दो दिन से सलखन सब स्टेशन से आपूर्ति ठप, अंधेरे में डूबा इलाका, जनजीवन अस्त- व्यस्त*
*बिजली का ‘ब्लैकआउट’- बिजली गई तो बढ़ गई मुश्किलें, दो दिन से सलखन सब स्टेशन से आपूर्ति ठप, अंधेरे में डूबा इलाका, जनजीवन अस्त- व्यस्त*
•~ हालात। – न दिन को चैन और न रात को सुकून
•~ तेज हवा और बारिश के बाद विद्युत आपूर्ति बाधित, कारोबार,खेती से लेकर संचार व्यवस्था तक प्रभावित—ग्रामीणों में बढ़ी परेशानी
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा,सोनभद्र। तेज हवाओं और बारिश के बाद सलखन सबस्टेशन से पिछले दो दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण सलखन न्याय पंचायत क्षेत्र के उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगातार बिजली आपूर्ति ठप रहने से जहां घरेलू उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं छोटे-बड़े उद्योग, व्यापारिक प्रतिष्ठान, किसान और दैनिक मजदूरी पर निर्भर लोगों के कामकाज पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।लगातार बिजली न रहने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था और अन्य घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। विद्युत उपकरणों के संचालन के साथ ही मोबाइल फोन चार्ज करने में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मोबाइल चार्ज नहीं होने से ग्रामीणों के लिए आवश्यक संचार व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है l
*कारोबार और रोजगार पर भी असर*
विद्युत आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र में संचालित छोटे-बड़े कारोबार प्रभावित हैं। बिजली पर निर्भर दुकानदारों, कुटीर उद्योगों, आटा चक्की, वेल्डिंग सहित अन्य व्यवसायों के कामकाज पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। मजदूरों और रोजमर्रा के काम से जुड़े लोगों को भी काम प्रभावित होने के कारण आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के लिए भी बिजली की अनुपलब्धता चिंता का विषय बनी हुई है।
*रात में अंधेरे से बढ़ा खतरा*
सलखन और आसपास के पहाड़ी एवं ग्रामीण इलाकों में रात के समय बिजली नहीं रहने से पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में विषैले जीव-जंतुओं का खतरा पहले से अधिक रहता है। ऐसे में रात के समय बिजली और प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
*उपभोक्ताओं ने तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग की*
लगातार दो दिनों से विद्युत संकट झेल रहे उपभोक्ताओं में विभागीय व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए खराबी को शीघ्र दूर कर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से जनजीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने विभाग से प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान कराने की अपेक्षा जताई है।











