
*वन विभाग की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने जयमोहनी रेंज कार्यालय का किया घेराव*
*वन विभाग की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने जयमोहनी रेंज कार्यालय का किया घेराव*
चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो
जनपद के नौगढ़ क्षेत्र में वन विभाग की कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने जयमोहनी रेंज कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के अनुसार, वे लोग करीब 15- 20 वर्ष से उस जमीन पर खेती करके अपना जीवन यापन कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मंगलवार को वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर तीन हल, जुआ और साइकिल जब्त कर ली तथा दो ग्रामीणों (मुरली और प्रवेश) को कार्यालय ले गई, जिन्हें बुधवार को छोड़ा गया।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि उनसे 10 हजार रुपये जुर्माना वसूले जाने के बावजूद कोई रसीद नहीं दी गई और जुर्माना भरने के बाद भी उनका सामान वापस नहीं किया गया है।पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा वन विभाग की जमीन पर कब्जा कर खेती किए जाने की शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की गई है और नियमानुसार जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुर्माने की राशि जमा हो चुकी है तथा जब्त किया गया सामान विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द वापस कर दिया जाएगा,जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
इस प्रदर्शन में शकुंतला, कलावती, संतरा, रामराजी, शीला और इंद्रावती सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष शामिल रहे।











