IGRS पोर्टल पर शिकायत निस्तारण के नाम पर खानापूर्ति,नई शिकायत में 54 दिन पुरानी GPS फोटो लगाकर भेजी रिपोर्ट, लेखपाल पर कार्रवाई की मांग

IGRS पोर्टल पर शिकायत निस्तारण के नाम पर खानापूर्ति,नई शिकायत में 54 दिन पुरानी GPS फोटो लगाकर भेजी रिपोर्ट, लेखपाल पर कार्रवाई की मांग

सोनभद्र(विनोद मिश्रा /सेराज अहमद )

जिले के राजस्व विभाग में IGRS पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ग्राम तकिया स्थित मस्जिद की भूमि पर बाउंड्री निर्माण की अनुमति मांगने के लिए दर्ज शिकायत के निस्तारण में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने संबंधित लेखपाल पर बिना नवीन जांच किए पुरानी आख्या दोबारा प्रस्तुत करने और पुरानी GPS फोटो लगाकर शिकायत का निस्तारण कराने का आरोप लगाया है। मामले में संबंधित लेखपाल के विरुद्ध विभागीय जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है।मामला ग्राम तकिया, पोस्ट सुकृत, तहसील रॉबर्ट्सगंज स्थित मस्जिद की भूमि से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के अनुसार मस्जिद की भूमि गाटा संख्या 80, खाता संख्या 00487, रकबा 0.1590 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में मस्जिद के नाम दर्ज है। उक्त भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण की अनुमति दिलाने की मांग को लेकर शिकायतकर्ता ने दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को IGRS पोर्टल पर शिकायत संख्या 40020026022193 दर्ज कराई थी।लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित लेखपाल ने शिकायत में उठाए गए मुख्य मुद्दे पर कोई स्पष्ट कार्रवाई या जवाब देने के बजाय पूर्व में प्रस्तुत आख्या को ही दोबारा भेज दिया। इससे शिकायत के वास्तविक निस्तारण पर सवाल खड़े हो गए हैं।

54 दिन पुरानी GPS फोटो लगाकर भेजी गई रिपोर्ट!

इस पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल विभागीय रिपोर्ट के साथ संलग्न GPS फोटो की तारीख को लेकर उठ रहा है। प्राप्त रिपोर्ट के पृष्ठ संख्या दो पर लगी GPS फोटो में स्पष्ट रूप से 24 अगस्त 2026 की तारीख दर्ज है, जबकि संबंधित शिकायत 17 अक्टूबर 2026 को की गई थी। यानी शिकायत दर्ज होने से लगभग 54 दिन पहले की फोटो को नई शिकायत की रिपोर्ट में संलग्न किया गया।शिकायतकर्ता का सवाल है कि जब शिकायत अक्टूबर महीने में दर्ज हुई तो अगस्त महीने की फोटो के आधार पर जांच आख्या कैसे प्रस्तुत कर दी गई? क्या संबंधित लेखपाल द्वारा नई शिकायत पर वास्तव में स्थलीय निरीक्षण किया गया था? यदि निरीक्षण किया गया था तो उसकी नवीन GPS फोटो और जांच के अन्य साक्ष्य कहां हैं?

पुरानी शिकायत की आख्या ही दोबारा भेजने का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक रिपोर्ट के पृष्ठ संख्या चार पर पूर्व शिकायत संख्या 40020026016540 की पुरानी आख्या भी दिखाई दे रही है। आरोप है कि नई शिकायत का परीक्षण एवं निस्तारण करने के बजाय पूर्व में तैयार रिपोर्ट को ही दोबारा प्रेषित कर दिया गया। इससे IGRS पोर्टल पर शिकायत निस्तारण के नाम पर केवल खानापूर्ति किए जाने का आरोप सामने आया है।

बाउंड्री निर्माण की मूल मांग पर नहीं दिया गया कोई जवाब

शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने 17 अक्टूबर को दर्ज शिकायत में स्पष्ट रूप से मस्जिद की भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण की अनुमति दिलाने की मांग की थी। लेकिन संबंधित रिपोर्ट में इस मूल मांग पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं दिया गया। न बाउंड्री निर्माण की अनुमति के संबंध में कोई आदेश दिया गया और न ही अनुमति में किसी वैधानिक बाधा का उल्लेख किया गया।ऐसे में सवाल उठता है कि जब शिकायत का मुख्य उद्देश्य ही मस्जिद की भूमि पर बाउंड्री निर्माण की अनुमति प्राप्त करना था, तो उस मांग पर विचार किए बिना शिकायत का निस्तारण किस आधार पर कर दिया गया?

लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई और उच्चस्तरीय जांच की मांग

शिकायतकर्ता ने अब संबंधित लेखपाल की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मांग की गई है कि 17 अक्टूबर की शिकायत में 24 अगस्त की GPS फोटो लगाने के कारणों की जांच हो, संबंधित लेखपाल से स्पष्टीकरण लिया जाए तथा बिना नवीन जांच के पुरानी आख्या प्रस्तुत किए जाने की पुष्टि होने पर नियमानुसार विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।इसके साथ ही मस्जिद की भूमि गाटा संख्या 80 का राजस्व अभिलेखों के अनुसार सीमांकन एवं सत्यापन कराकर बाउंड्री निर्माण की अनुमति प्रदान करने तथा सक्षम विभाग से स्पष्ट आदेश जारी कराने की मांग भी की गई है।अब बड़ा सवाल यह है कि IGRS पोर्टल पर शिकायतों का निस्तारण केवल पुरानी रिपोर्ट अपलोड करके किया जाएगा या शिकायतकर्ता की मूल मांग पर भी जिम्मेदार अधिकारी जवाबदेही तय करेंगे? शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी सोनभद्र से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और संबंधित लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles