
*बसौली में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड ने लगाया जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित*
*बसौली में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड ने लगाया जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित*
*चंदौली अविनाश तिवारी ब्यूरो*
(चंदौली) प्रदेश सरकार की स्वरोजगार योजनाओं को धरातल पर उतारने और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम बसौली में ‘उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड’ द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गिरजा प्रसाद ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण युवा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर न केवल खुद का व्यवसाय शुरू कर सकते हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार दे सकते हैं।
*अधिकारियों ने मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा की:
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP): नए उद्यम स्थापित करने हेतु सब्सिडी आधारित ऋण।
मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता।
मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना: पारंपरिक शिल्पकारों और कुम्हारों के उत्थान हेतु विशेष मदद।
जागरूकता शिविर में अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) चंदौली ने बैंकिंग प्रक्रियाओं के बारे में बताया, वहीं जिला पंचायत सदस्य आजाद अंसारी और पूर्व प्रधान नंदू राम ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से ऋण और सब्सिडी की प्रक्रिया को लेकर सवाल भी पूछे, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया।
इस अवसर पर कैलाश, मदन मोहन,रामबिलास, आदित्यनारायण, बिरेंदर, अर्जुन और बबूंदर मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अंत में ग्रामीणों को विभागीय स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।











