
*गर्लफ्रेंड ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, सिरसी डैम मे फेका शव *
*गर्लफ्रेंड ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, सिरसी डैम मे फेका शव *
सोनभद्र (विनोद मिश्रा /सेराज अहमद )
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ (नौगढ़वा) गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कथित गर्लफ्रेंड ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी और शव को मिर्जापुर जनपद के सिरसी डैम की गहरी खाई में फेंक दिया।
मामले का खुलासा मृतक के ड्राइवर द्वारा किए जाने के बाद पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित कर दी गई हैं l
जानकारी के अनुसार, चंदौली निवासी कुंवर मौर्या (50) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। 22 मार्च को वह अपने ड्राइवर के साथ सोनभद्र अपनी कथित प्रेमिका लीलावती से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह उसी के घर पर रुके थे, जहां देर रात सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या सोनभद्र के बाद शव को पत्थर से बांधकर पहले नहर में फेंका गया, फिर बाद में सिरसी डैम की खाई में ठिकाने लगा दिया गया।
मृतक के ड्राइवर रोहित ने बताया कि घटना की रात लीलावती ने उसे जगाकर कहा कि उसने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर कुंवर मौर्या की हत्या कर दी है। इसके बाद उसने ड्राइवर पर दबाव डालकर शव को कार की डिग्गी में रखवाया और मिर्जापुर के सिरसी डैम में ले जाकर पत्थर बांधकर खाई में फेंकवा दिया। ड्राइवर ने यह भी बताया कि इस राज को उजागर करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।
घटना के बाद ड्राइवर चंदौली लौट आया और उसने मृतक के परिजनों को पूरी जानकारी दी। मृतक के भाई घासी मौर्य की तहरीर पर पुलिस सोनभद्र ने लीलावती, उसके पति और भांजे के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है l
पुलिस ने मिर्जापुर के सिरसी डैम से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारण और तरीके की स्पष्ट जानकारी रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पांडेय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।











