
*पत्रकार और पुलिस के बीच खेले गये बेहद रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में दो रनों से पुलिस ने जीता मैच,आखिरी गेंद तक खिंचा मुकाबला*
*पत्रकार और पुलिस के बीच खेले गये बेहद रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में दो रनों से पुलिस ने जीता मैच,आखिरी गेंद तक खिंचा मुकाबला*
बीजपुर/सोनभद्र (संदीप राय )
स्थानीय गैरेज स्थित मैदान में चल रहे रात्रिकालीन बीजपुर प्रीमियम लीग सीजन-1 के तहत गुरुवार की रात एक बेहद खास और मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबला पुलिस और पत्रकारों के बीच खेला गया। दूधिया रोशनी में नहाए खेल मैदान पर जब पुलिस और मीडिया की टीमें आमने-सामने उतरीं तो माहौल रोमांच और उत्साह से भर गया। बेहद कड़े और दिलचस्प मुकाबले में पुलिस एकादश ने मीडिया एकादश को मात्र 2 रनों से शिकस्त देकर जीत का परचम लहराया।
मैच की शुरुआत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। आयोजक धनंजय शर्मा और प्रमोद कुमार गुप्ता ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मैच में पुलिस टीम की कमान प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के हाथों में थी वहीं मीडिया टीम का नेतृत्व दैनिक जागरण के पत्रकार संजय अग्रवाल ने किया।टॉस जीतकर पुलिस टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का साहसिक निर्णय लिया।निर्धारित 5 ओवरों के मैच में पुलिस टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 47 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीडिया की टीम ने भी शानदार जज्बा दिखाया।मीडिया के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और मैच को अंतिम ओवर की आखिरी गेंद तक ले गए। हालांकि कड़े संघर्ष के बावजूद मीडिया टीम 3 विकेट खोकर 45 रन ही बना सकी और महज 2 रनों से जीत से चूक गई।मैच के समापन पर हंसिका ऑटो सेल्स के प्रोपराइटर और आयोजक प्रमोद गुप्ता द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।पुलिस टीम से प्रधान आरक्षी संतोष कुमार और आरक्षी अमित कुमार को उनके उत्कृष्ट खेल के लिए पुरस्कृत किया गया वहीं मीडिया टीम से पत्रकार रविन्द्र श्रीवास्तव,राम जियावन गुप्ता और संदीप राय को उनके बेहतरीन गेंदबाजी
और बल्लेबाजी के लिए पुरस्कृत किया गया।इस मैत्रीपूर्ण मैच को लेकर क्षेत्रीय जनता में भारी उत्साह देखने को मिला।पूरा मैदान दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था और हर चौके-छक्के पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंज रही थी। मैच में अंपायर की भूमिका अभिमन्यु जायसवाल व मुकेश पाल ने बखूबी निभाई, जबकि धनंजय शर्मा ने अपनी बेजोड़ कमेंट्री से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।











