
*मकरीबारी में तेज बारिश से पहाड़ी चेकडैम टूटा, किसानों की फसलें जलमग्न*
*मकरीबारी में तेज बारिश से पहाड़ी चेकडैम टूटा, किसानों की फसलें जलमग्न*
•~ किसानों की टूटी कमर,काफी क्षति
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता सेराज अहमद /अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। नगवां विकास खंड के पहाड़ी ग्रामीण क्षेत्र मकरीबारी में सोमवार की रात हुई मूसलाधार तेज बारिश के बाद एक चेकडैम टूट कर क्षतिग्रस्त हो गया। चेकडैम टूटने से आसपास के खेतों में अचानक पानी भर गया, जिससे गरीब आदिवासी किसानों की फसल जलमग्न हो गई। किसानों का कहना है कि जलभराव के कारण उनकी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय किसान रामविलास गोड़ ने बताया कि चेकडैम के निर्माण के समय ही गुणवत्ता को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य की जांच या जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसका खामियाजा अब किसानों को भुगतना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, चेकडैम टूटने से दर्जनों किसानों की फसल प्रभावित हुई है। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में चिंता और नाराजगी का माहौल है।
प्रभावित आदिवासी किसानों ने जिलाधिकारी से मौके का निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।











