
*सीआईएसएफ फायर विंग ने जगाई अग्नि सुरक्षा की अलख,विद्यार्थियों को बताये आग से बचाव के उपाय*
*सीआईएसएफ फायर विंग ने जगाई अग्नि सुरक्षा की अलख,विद्यार्थियों को बताये आग से बचाव के उपाय*
बीजपुर/सोनभद्र( संदीप राय )
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल रिहंद इकाई के फायर विंग के जवानों द्वारा शुक्रवार को सेंट जोसेफ स्कूल, एनटीपीसी रिहंद में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 600 छात्र-छात्राओं एवं 37 शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा और आग से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।
सीआईएसएफ फायर विंग की टीम ने विद्यार्थियों को आग लगने के प्रमुख कारणों, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, पटाखों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचाव तथा आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी के बारे में विस्तार से जागरूक किया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशामक यंत्रों के सही एवं प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को बताया गया कि प्रारंभिक स्तर पर आग लगने की स्थिति में किस प्रकार अग्निशामक यंत्र का सुरक्षित उपयोग कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा सकता है।सीआईएसएफ फायर विंग ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है, इसलिए थोड़ी सी सावधानी बरतकर अग्नि दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। टीम ने सभी से अपील की—“सावधानी ही सुरक्षा है, सुरक्षित रहें और सुरक्षित दीपावली मनाएं।”विद्यालय प्रशासन ने सीआईएसएफ फायर विंग की ओर से आयोजित इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।











