
*मेधावी छात्रा आस्था बनी एक दिन की थानाध्यक्ष,सुनी फरियादियों की समस्याएं*
*मेधावी छात्रा आस्था बनी एक दिन की थानाध्यक्ष,सुनी फरियादियों की समस्याएं*
बीजपुर/सोनभद्र (संदीप राय)
महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास जागृत करने के उद्देश्य से चलाये जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थानाध्यक्ष बीजपुर नरेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार को हंसवाहिनी पब्लिक स्कूल बीजपुर की 12वीं कक्षा की मेधावी छात्रा आस्था चौबे को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक प्रभारी निरीक्षक बना कर बीजपुर थाने की कमान सौंपी। एक प्रतिष्ठित डॉक्टर बन कर समाजसेवा करने की आकांक्षा रखने वाली आस्था ने प्रभारी निरीक्षक की कुर्सी पर बैठ कर पुलिस व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित जिम्मेदारियों का अनुभव किया तथा थाना परिसर का भ्रमण कर कार्यालय,मेस,बंदीगृह आदि का अवलोकन कर थाने की कार्यप्रणाली को समझा तथा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण,पीड़ितों की सहायता एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु किए जाने वाले कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। इस दौरान एसएचओ बनी आस्था ने थाने में आयी फरियादी सुनीता पत्नी रामनरेश निवासी डोडहर की समस्या को गम्भीरता से सुन कर तत्काल मौके पर ही समस्या का समाधान कराया। पूरे दलबल के साथ क्षेत्र में भ्रमण पर निकली प्रतीकात्मक थाना प्रभारी आस्था चौबे ने बाजार में एक महिला का पैसे के लेन देंन को लेकर हुए विवाद को सुना व दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर निस्तारण कराया। प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन के
मंशानुसार महिला सुरक्षा,नारी सम्मान, महिला शशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को सांकेतिक रूप से एक जिम्मेदार अधिकारी की कुर्सी पर बैठा कर उनके अंदर से छिपी प्रतिभा को बाहर करने का प्रयास किया जाता है जिससे बालिकाएं व महिलाएं समाज मे निर्भीक होकर रहे और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों।