
*नौगढ़ में वकीलों की चेतावनी के बाद एसडीएम सख्त, तहसीलदार को 2 दिन में रिपोर्ट सौंपने का अल्टीमेटम*
*नौगढ़ में वकीलों की चेतावनी के बाद एसडीएम सख्त, तहसीलदार को 2 दिन में रिपोर्ट सौंपने का अल्टीमेटम*
नौगढ़( चंदौली )अविनाश तिवारी ब्यूरो
चन्दौली जिले के तहसील नौगढ़ में फाइलों के निस्तारण में हो रही देरी और लेखपालों की मनमानी को लेकर बार एसोसिएशन की नाराजगी के बाद उपजिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। वकीलों द्वारा न्यायिक कार्य से विरत रहने की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने नायब तहसीलदार को 2 दिन के भीतर लंबित फाइलों पर आख्या प्रस्तुत करने का सख्त निर्देश दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बार एसोसिएशन नौगढ़ के अध्यक्ष सत्यानन्द तिवारी और महामंत्री रणविजय (एडवोकेट) की अध्यक्षता में हुई बैठक में नायब तहसीलदार और कुछ लेखपालों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। वकीलों का आरोप है कि:
नक्शा दुरुस्ती (कैलाश एडवोकेट) की फाइल 3 महीने से नायब तहसीलदार के पास लंबित है।
धारा 38(2), 33/34 और 76(2) जैसी महत्वपूर्ण हस्तांतरण रिपोर्ट की फाइलें कुछ लेखपालों द्वारा महीनों तक दबा कर रखी जा रही हैं।
बार-बार कहने के बावजूद रिपोर्ट न्यायालय में नहीं भेजी जा रही है।
एसडीएम ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि बार एसोसिएशन द्वारा बार-बार हड़ताल और न्यायिक कार्य बहिष्कार के प्रस्ताव से शासन की मंशा के अनुरूप वादों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है, जिससे आम वादकारियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को निर्देशित किया है कि वे लंबित फाइलों पर अपनी आख्या और संस्तुति लगाते हुए 02 दिवस के अंदर पत्रावली उनके समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, ताकि वकीलों के असंतोष को दूर कर न्यायिक कार्य सुचारू रूप से चल सके।











