
*काशी वन्यजीव प्रभाग की बड़ी स्ट्राइक: सरकारी जंगल पर कब्जे की साजिश नाकाम, जे सी बी जब्त।*
*काशी वन्यजीव प्रभाग की बड़ी स्ट्राइक: सरकारी जंगल पर कब्जे की साजिश नाकाम, जे सी बी जब्त।*
*चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो*
नौगढ़/चन्दौली: काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर(चन्दौली )के मझगांई रेंज में शनिवार को वन भूमि को कब्जाने की एक बड़ी साजिश को वन विभाग ने बेनकाब कर दिया है। महदेवा बीट के गेदुरहवा जंगल में अवैध रूप से नाला पाटने और जमीन समतल करने में जुटी एक जेसीबी मशीन को वन टीम ने छापेमारी कर जब्त कर लिया है।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गेदुरहवा के दुर्गम वन क्षेत्र में कुछ लोग प्राकृतिक नाले का स्वरूप बिगाड़कर वहां अवैध कब्जा करने की तैयारी में हैं। निर्देश मिलते ही वन दरोगा महेंद्र प्रताप सिंह, बीरबल यादव और सुरेश यादव की टीम ने मौके पर धावा बोल दिया।वनकर्मियों को अपनी ओर आता देख जेसीबी चालक और अतिक्रमणकारी घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। चालक के फरार होने के बाद विभाग ने दूसरे ड्राइवर का इंतजाम कर जेसीबी को कब्जे में लिया और रेंज कार्यालय पहुँचाया।
अतिक्रमणकारी जेसीबी के जरिए नाले को पाटकर जंगल की मिट्टी से जमीन को रिहायशी या कृषि योग्य बनाने की कोशिश कर रहे थे। प्रभागीय वनाधिकारी को सीजर रिपोर्ट भेज दी गई है और फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने दो टूक कहा है कि जंगल की जमीन पर एक इंच भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि न केवल मशीनें जब्त की जाएंगी, बल्कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।











