
*एनएसएस शिविर में गूँजा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा, स्वच्छता अभियान से दिया जागरूकता का संदेश*
*एनएसएस शिविर में गूँजा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा, स्वच्छता अभियान से दिया जागरूकता का संदेश*
*चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो*
नौगढ़ (चन्दौली)। राजकीय महाविद्यालय नौगढ़ में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन शनिवार को ‘स्वच्छता एवं नारी सशक्तिकरण’ पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
शिविर के प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों ने ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत महाविद्यालय परिसर और गोद लिए गए गांव में सघन सफाई अभियान चलाया। छात्र-छात्राओं ने श्रमदान कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और बीमारी मुक्त समाज का संदेश दिया।
द्वितीय सत्र में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सुदृढ़ करना समय की मांग है। उन्होंने लैंगिक भेदभाव खत्म करने और महिला उत्पीड़न के विरुद्ध बने कानूनों की जानकारी देते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
संगोष्ठी के पश्चात छात्राओं ने एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। “पढ़ें बेटियां, बढ़ें बेटियां” जैसे नारों के साथ स्वयंसेवकों ने पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर समाज को बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति सजग किया।
यह कार्यक्रम कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश कुमार के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. देवेश कुमार यादव, मनीष राज बावरे, महेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











