*चार माह से हाईमास्ट बंद, अंधेरे में गुरमा रामलीला मैदान!*

*चार माह से हाईमास्ट बंद, अंधेरे में गुरमा रामलीला मैदान!*
~ रामलीला आयोजन सिर पर, फिर भी प्रकाश व्यवस्था बदहाल—बच्चों, श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुरक्षा पर चिंता

*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*

गुरमा-सोनभद्र। चुर्क-गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र के गुरमा रामलीला मैदान में लगी हाईमास्ट लाइट पिछले करीब चार माह से खराब पड़ी है। लंबे समय से प्रकाश व्यवस्था ठप होने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराए जाने से शाम ढलते ही रामलीला मैदान और आसपास का क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। स्थानीय लोगों ने रामलीला शुरू होने से पहले प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई है।
रामलीला मैदान में शाम के समय बच्चे खेलकूद करते हैं, जबकि समय-समय पर यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते रहते हैं। हाईमास्ट लाइट खराब होने के कारण शाम के बाद मैदान में अंधेरा छा जाता है। वहीं मैदान से गुरमा चौराहे की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी रात में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण विषैले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है।
*सड़क किनारे की कई लाइटें भी खराब*
स्थानीय लोगों के मुताबिक रामलीला मैदान के अलावा सड़क किनारे लगे कई विद्युत पोलों की लाइटें भी खराब हैं। इससे क्षेत्र की समूची प्रकाश व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि हाईमास्ट सहित खराब लाइटों की समस्या से सभासद और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
*रामलीला से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग*
रामलीला आयोजन नजदीक होने के कारण स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। रामलीला के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और बच्चों की आवाजाही होती है। ऐसे में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बेहद जरूरी है। लोगों ने मांग की है कि आयोजन शुरू होने से पहले हाईमास्ट लाइट को चालू कराने के साथ ही सड़क किनारे खराब पड़ी सभी लाइटों की भी मरम्मत कराई जाए।प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करने वालों में सभासद प्रतिनिधि मनोज कुमार, चंदन सिंह, सुरेंद्र गुप्ता, शुभम गुप्ता, किशन भारती, इंद्रदेव कनौजिया, राजकुमार, विनोद विश्वकर्मा, चिंटू चौबे, अंकित कुमार सहित अन्य स्थानीय लोग शामिल हैं।
*ईओ बोले—जल्द भेजकर कराया जाएगा ठीक*
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सरोज से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि जल्द ही इलेक्ट्रिशियन को भेजकर हाईमास्ट लाइट को ठीक करा दिया जाएगा।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि रामलीला शुरू होने से पहले हाईमास्ट समेत क्षेत्र की खराब पड़ी सभी लाइटों को दुरुस्त कराकर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आयोजन के दौरान लोगों को अंधेरे की समस्या का सामना न करना पड़े।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles