
*मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त अभियान को ठेंगा! कुरुहूल माइनर मार्ग बदहाल, गड्ढों में भरा पानी*
*मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त अभियान को ठेंगा! कुरुहूल माइनर मार्ग बदहाल, गड्ढों में भरा पानी*
• ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार, स्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क मरम्मत की मांग
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा,सोनभद्र। मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त सड़क अभियान के दावों के बीच राबर्ट्सगंज विकासखंड के कुरुहूल माइनर क्षेत्र की बदहाल सड़क सरकारी दावों की हकीकत बयां कर रही है। बलुई बंधी से महुआव कला, बेलकप और चिरहुली होते हुए कुरुहूल तक जाने वाले संपर्क मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव से आवागमन मुश्किल हो गया है। त्योहारों से पहले सड़कें दुरुस्त करने के निर्देशों के बावजूद ग्रामीणों को राहत नहीं मिल रही है।
*गड्ढों और जलभराव से हादसों का खतरा*
सड़क की दुर्दशा से स्कूली बच्चों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार समस्या उठाने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।अंगद, इन्द्रराज, रंजीत, बाबूलाल, विनोद, संजय, शिवानंद, विजय और रामजी समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर तत्काल मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की अपील की है।
सवाल यह है कि जब गड्ढामुक्त सड़क अभियान शासन की प्राथमिकता है, तो कुरुहूल माइनर मार्ग की बदहाली दूर क्यों नहीं हो रही? अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि उन्हें गड्ढों से मुक्ति कब मिलेगी।











