
* अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित: विवाह रोकने और कौशल विकास पर दिया गया जोर*
* अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित: विवाह रोकने और कौशल विकास पर दिया गया जोर*
चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो
जिले में ग्राम्या संस्थान एवं महिला कल्याण विभाग, चन्दौली के संयुक्त तत्वाधान में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस-2026’ के उपलक्ष्य में एक भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘बाल विवाह बन्द करें, बालिकाओं के अधिकारों में निवेश करें’ रही।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग ने बालिकाओं के स्वावलम्बन और आत्मनिर्भरता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में आजीविका सृजन व रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने समाज में सम्मान और पहचान के लिए शिक्षा व योग्यता को अनिवार्य बताया।
अपर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में विधि और विकास के संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल आर्थिक समृद्धि ही विकास का पैमाना नहीं है, बल्कि शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और मानव विकास भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। विशिष्ट अतिथियों में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, पुलिस विभाग, चाइल्ड लाइन टीम और बाल कल्याण समिति (चन्दौली) के सदस्य उपस्थित रहे। समिति के सदस्य धर्मेन्द्र ने स्वतंत्रता संग्राम में दुर्गावती देवी (दुर्गा भाभी) के अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान नौगढ़ और चकिया विकास खण्डों से आई किशोरी लीडर्स ने पपेट शो, थीम सॉन्ग, सामूहिक गान और अपने व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से बाल अधिकारों का संदेश दिया। पुलिस विभाग के सहयोग से निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनीं तथा हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
महिला कल्याण विभाग द्वारा बालिकाओं को स्मृति चिन्ह के रूप में बैज, प्रिंटेड मग और स्पोर्ट्स किट भेंट की गई। अंत में सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह के उन्मूलन हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई।
अतिथियों का स्वागत और आभार ज्ञापन ग्राम्या संस्थान की प्रमुख बिन्दु सिंह, सुरेन्द्र व नीतू द्वारा किया गया। मंच का सफल संचालन नीतू सिंह और धर्मेन्द्र जी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर किशोरी लीडर्स मनोरमा, सुहानी, कविता, अनुराधा, चंचल, करिश्मा तथा संस्था की टीम सहित लगभग 270 प्रतिभागियों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।











