*मिट्टी का टीला बना काल! खुदाई करते समय दो महिलाएं मलबे में दबीं, एक की मौत*

*मिट्टी का टीला बना काल! खुदाई करते समय दो महिलाएं मलबे में दबीं, एक की मौत*
•~ घर की साफ-सफाई के लिए मिट्टी खोदने गई थीं महिलाएं, अचानक भरभराकर ढह गया टीला
•~ ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को निकाला बाहर, गंभीर रूप से घायल महिला बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर

*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी | जिला ब्यूरो प्रमुख अविनाश तिवारी*

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र की निषाद बस्ती में मंगलवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब गंगा किनारे मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक एक टीला भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 54 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेतरा देवी (54 वर्ष), पत्नी छोटन निषाद और लक्ष्मीना देवी (36 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय भोनू निषाद, घरों की साफ-सफाई के लिए मिट्टी लेने पास ही गंगा किनारे स्थित बंजर जमीन पर गई थीं। दोनों महिलाएं मिट्टी की खुदाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का विशाल टीला भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। देखते ही देखते दोनों महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं।
*चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, मलबे से निकाला बाहर*
हादसे के बाद महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मिट्टी हटाकर दोनों महिलाओं को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इस हादसे में तेतरा देवी की जान नहीं बच सकी, जबकि लक्ष्मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
*पति की मौत के आठ महीने बाद लक्ष्मीना पर टूटा दुखों का पहाड़*
बताया जा रहा है कि घायल लक्ष्मीना देवी के पति का करीब आठ महीने पहले ही निधन हो चुका है। इस हादसे में उनके पैर की हड्डी टूटने के साथ गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।
*पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिजनों को सौंपा*
घटना की सूचना मिलने पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका तेतरा देवी के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से निषाद बस्ती में शोक का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घायल महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles