
*नौगढ़ में स्वास्थ्य जागरूकता की बड़ी पहल, 450 किशोर- किशोरियों को मिला लाभ*
*नौगढ़ में स्वास्थ्य जागरूकता की बड़ी पहल, 450 किशोर- किशोरियों को मिला लाभ*
•~ ग्राम्या संस्थान के चिराग केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगा विशेष शिविर, एनीमिया से लेकर पोषण और माहवारी स्वच्छता तक दी गई अहम जानकारी
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी जिला ब्यूरो प्रमुख अविनाश तिवारी*
चंदौली। किशोरावस्था में बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और शारीरिक एवं मानसिक बदलावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नौगढ़ विकासखंड में सामाजिक संस्था ग्राम्या संस्थान द्वारा संचालित चिराग केंद्रों के माध्यम से विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में लालतापुर, झुमरिया, अमदहा और बसौली गांवों के कुल 450 किशोर-किशोरियों, युवतियों और अभिभावकों ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
*एनीमिया की पहचान से लेकर पोषण तक पर विशेष जोर*
शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों, संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य तथा यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। किशोर-किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने के प्रति जागरूक किया गया।इस दौरान किशोरियों के हीमोग्लोबिन की जांच के साथ वजन, लंबाई और बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) की जांच की गई। जांच के आधार पर उन्हें आवश्यक पोषण संबंधी परामर्श भी दिया गया। एनीमिया से ग्रसित पाई गई किशोरियों को आयरन की गोलियों तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई, ताकि उनमें खून की कमी की समस्या को दूर करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
*आदिवासी बहुल क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने की पहल*
ग्राम्या संस्थान की टीम ने बताया कि नौगढ़ जैसे आदिवासी बहुल एवं पिछड़े क्षेत्र में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से संस्थान लगातार स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इन पहलों का लक्ष्य किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना, समय रहते समस्याओं की पहचान करना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है।
*आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का रहा सहयोग*
शिविर के सफल आयोजन में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्राम्या संस्थान के कार्यकर्ताओं नीतू, सुरेंद्र, श्रीराम, गणेश, राजेश, उमेश, जयप्रकाश, दिलीप, सुनीता, पूजा और चंद्रकला का विशेष सहयोग रहा।स्वास्थ्य जागरूकता की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। उन्होंने किशोर-किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित कराने की मांग की, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को समय पर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं एवं जरूरी परामर्श मिल सके।











