
*सोनभद्र के हुनर को मिलेगा नया मंच, संगीत इंद्रा डांस कम्पटीशन सीजन-3 का भव्य आगाज, शुरू हुई सितारों की तलाश!*
*सोनभद्र के हुनर को मिलेगा नया मंच, संगीत इंद्रा डांस कम्पटीशन सीजन-3 का भव्य आगाज, शुरू हुई सितारों की तलाश!*
•~ पहले ऑडिशन में 85 बच्चों ने बिखेरा जलवा, डांस और मॉडलिंग में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी विनोद मिश्रा /अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। अब सोनभद्र की प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करने के लिए बड़े मंच की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। जिले के प्रतिभाशाली बच्चों और उभरते कलाकारों को नई पहचान दिलाने की दिशा में संगीत इंद्रा डांस कम्पटीशन एंड फैशन शो सीजन-3 का शानदार आगाज हो गया है। डाला स्थित एक हॉल में आयोजित पहले ऑडिशन में 85 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपने डांस और मॉडलिंग के हुनर से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जूनियर और सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से यह साबित करने का प्रयास किया कि सोनभद्र की धरती पर भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। किसी ने अपने डांस मूव्स से तालियां बटोरीं तो किसी ने मॉडलिंग के अंदाज से अपनी अलग पहचान बनाई। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में आगे बढ़ने और कुछ नया कर दिखाने का जुनून दिखाई दिया।
*बॉलीवुड कोरियोग्राफर और मॉडलिंग विशेषज्ञ की मौजूदगी ने बढ़ाई शो की चमक*
ऑडिशन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंगल जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि इंदु शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं बॉलीवुड कोरियोग्राफर अमित कुमार और मॉडलिंग विशेषज्ञ आदिल अंसारी कार्यक्रम के विशेष आकर्षण रहे। दोनों विशेषज्ञों की मौजूदगी और अनुभव ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उनके मार्गदर्शन से बच्चों को अपनी कमियों को समझने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली।
*स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े मंच तक पहुंचाना है मकसद : श्वेता पांडेय*
कार्यक्रम की आयोजक श्वेता पांडेय ने बताया कि संगीत इंद्रा डांस कम्पटीशन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि सोनभद्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। जनपद में ऐसे अनेक बच्चे और युवा हैं, जिनमें प्रतिभा तो भरपूर है, लेकिन संसाधनों और अवसरों के अभाव में उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का मौका नहीं मिल पाता। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से इस आयोजन को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं जिले तक सीमित न रहें, बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाकर सोनभद्र का नाम रोशन करें।
*सहयोगियों की मेहनत से साकार हो रहा आयोजन*
इस आयोजन को सफल बनाने में दीपक, संदीप, सत्यम, सौरभ, आदित्य, प्रियांशु, अनन्या और जूही सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं फोटोशूट टीम की ओर से सत्य, जस्सी और अमित ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। आयोजक श्वेता पांडेय ने अपने पिता रविंद्र देव पांडेय के आशीर्वाद, प्रेरणा और सहयोग को इस सफर की सबसे बड़ी ताकत बताया।
*प्रतिभाओं को पहचान दिलाने की पहल बनी उम्मीद की नई किरण*
संगीत इंद्रा डांस कम्पटीशन का तीसरा सीजन उन बच्चों और युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है, जो अपनी कला के दम पर कुछ बड़ा करने का सपना देखते हैं। डाला में आयोजित पहले ऑडिशन में 85 प्रतिभागियों की भागीदारी ने इस आयोजन के प्रति लोगों की रुचि और उत्साह को दर्शाया। अब सभी की निगाहें प्रतियोगिता के आगामी चरणों पर टिकी हैं। निश्चित रूप से ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ सोनभद्र की सांस्कृतिक और रचनात्मक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान कर सकते हैं।











