
*आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगा छठ घाट, घाटों पर गूंजने लगे छठी मैया के गीत*
*आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगा छठ घाट, घाटों पर गूंजने लगे छठी मैया के गीत*
•~ व्रतियों ने घाटों का किया शुद्धीकरण, पूजा की वेदियां सजाकर पूरी की पर्व की तैयारियां; अर्घ्य को लेकर श्रद्धालुओं में दिखा खास उत्साह
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। सूर्योपासना के महापर्व डाला छठ को लेकर पूरे क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। छठी मैया की आराधना और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए व्रतियों ने शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया। घाटों की साफ-सफाई और शुद्धीकरण के साथ पूजा की वेदियां सजाई गईं। व्रती महिलाओं ने सायंकाल छठ घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
महापर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्सव जैसा माहौल रहा। कहीं छठ पूजा में उपयोग होने वाली पूजन सामग्री और फल-फूल की व्यवस्था की जा रही थी तो कहीं बांस के दऊरों और सूप को सजाने-संवारने का सिलसिला जारी रहा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच व्रतियों ने पूरी श्रद्धा के साथ पर्व की तैयारियां पूरी कीं। घाटों पर भी साफ-सफाई, सजावट और पूजा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
*लोकगीतों से गूंज उठे घर-आंगन*
छठ महापर्व की छटा अब घर-आंगन से लेकर घाटों तक बिखरने लगी है। महिलाओं के पारंपरिक छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा है। लोकगीतों के माध्यम से भगवान सूर्य और छठी मैया की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। चार दिवसीय इस कठिन अनुष्ठान में व्रती महिलाएं पूरी निष्ठा और संयम के साथ निर्जला व्रत रखकर संतान की दीर्घायु, परिवार के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
*सामाजिक समरसता और लोक आस्था का महापर्व*
डाला छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामूहिक सहयोग और लोक संस्कृति का भी प्रतीक है। इस पर्व में जाति, वर्ग और उम्र का भेद मिटाकर सभी लोग एक साथ घाटों पर जुटते हैं। छठ घाटों, नदियों, तालाबों और जलाशयों के तट पर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है।
*घाटों पर दिखेगी भक्ति और आस्था की अलौकिक छटा*
सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। रंग-बिरंगी सजावट, पूजन सामग्री से सजे दऊरे, जलाशयों के किनारे जलते दीप और छठी मैया के पारंपरिक गीत पर्व की सुंदरता को और भी बढ़ा रहे हैं। चारों ओर भक्ति और उल्लास का वातावरण है। श्रद्धालुओं को अब छठ महापर्व के प्रमुख अनुष्ठानों और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने की प्रतीक्षा है।











