
*नौगढ़ में महिलाओं को सिखाए सुरक्षा के गुर, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक*
*नौगढ़ में महिलाओं को सिखाए सुरक्षा के गुर, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक*
चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो
नौगढ़ (चंदौली)। प्रदेश व्यापी ‘मिशन शक्ति’ अभियान के पांचवें चरण के तहत चन्दौली जिले के नौगढ़ तहसील अन्तर्गत बुधवार को थाना नौगढ़ पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग किया।
थाना क्षेत्र के कस्बा नौगढ़ और सेमरा कोसही तिराहा पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या छेड़खानी की घटना होने पर 1090 (विमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 112
(आपातकालीन सेवा) पर तत्काल सूचना दी जा सकती है।
इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए 1930 और बच्चों की सहायता के लिए 1098 के उपयोग के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। पुलिस ने जोर दिया कि महिलाएं स्वयं को अकेला न समझें, उत्तर प्रदेश पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।











