
*मारकुंडी घाटी में मौत का मंजर! मुर्गों से लदी पिकअप खाई में पलटी, सैकड़ो मुर्गों की मौत, घायल चालक अस्पताल में भर्ती*
*मारकुंडी घाटी में मौत का मंजर! मुर्गों से लदी पिकअप खाई में पलटी, सैकड़ो मुर्गों की मौत, घायल चालक अस्पताल में भर्ती*
•~ भोर में हुआ भीषण हादसा, मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में मुर्गे लूटने की मची होड़; घायल चालक को पुलिस ने पहुंचाया जिला अस्पताल, घटना की जानकारी से बेखबर दिखी चौकी पुलिस!
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की गुरमा पुलिस चौकी अंतर्गत मारकुंडी पुरानी घाटी में सोमवार की भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुर्गों से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। इस भीषण हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में लदे सैकड़ो मुर्गों की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आरोप है कि दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे कई ग्रामीण मृत एवं जीवित मुर्गों को उठाकर अपने घर ले जाने लगे। हादसे के बाद घाटी में अफरा- तफरी का माहौल बना रहा।
*नौगढ़ से छत्तीसगढ़ जा रही थी पिकअप*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक नौगढ़ स्थित एक पोल्ट्री फार्म से मुर्गे लादकर छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सोमवार की भोर मारकुंडी की पुरानी घाटी उतरते समय वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में लदे सैकड़ो मुर्गों की जान चली गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
*हादसे के बाद मुर्गे उठाने की मची होड़*
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव की स्थिति के बीच कुछ लोग मुर्गों को उठाकर अपने घर ले जाने लगे। इस घटनाक्रम ने दुर्घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी। वहीं, वाहन के खाई में पलटने से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन नहीं हो सका।
*डायल पुलिस ने घायल चालक को पहुंचाया अस्पताल*
घटना की सूचना डायल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। हालांकि, हादसे में घायल चालक की पहचान और उसकी वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी।
*घटना की जानकारी से बेखबर चौकी पुलिस!*
इस दुर्घटना के संबंध में जब गुरमा पुलिस चौकी प्रभारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। ऐसे में सवाल उठता है कि क्षेत्र में हुई इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद संबंधित चौकी को घटना की जानकारी क्यों नहीं थी? क्या घटनाओं की सूचना और उनके विवरण को लेकर पुलिस चौकी स्तर पर कोई व्यवस्था नहीं है?मारकुंडी की पुरानी घाटी दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील मार्ग मानी जाती है। ऐसे में इस हादसे के कारणों की जांच, वाहन की स्थिति और दुर्घटना के बाद हुए घटनाक्रम की जानकारी सामने आना जरूरी है। हादसे की निष्पक्ष जांच और संबंधित तथ्यों की पुष्टि से ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।











