
*पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी गो-तस्कर समेत तीन गिरफ्तार*
*पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी गो-तस्कर समेत तीन गिरफ्तार*
•~ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस, 6 गोवंश बरामद
सोनभद्र (विनोद मिश्रा /सेराज अहमद )
जनपद पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो तस्कर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा छह गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर, पन्नुगंज, रॉबर्ट्सगंज पुलिस तथा एसओजी और सर्विलांस टीम को यह सफलता मिली। पुलिस को देर रात लगभग 1:15 बजे सूचना प्राप्त हुई कि एक पिकअप वाहन से गोवंशों को मधुपुर-नौगढ़-चकरघट्टा मार्ग के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम सक्रिय हो गई और थाना रायपुर क्षेत्र के सारसोत के पास बैरियर लगाकर घेराबंदी शुरू कर दी गई।कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर वाहन पंचर हो गया। इसके बाद वाहन सवार तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने और भागने के उद्देश्य से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अभियुक्त घायल होकर गिर पड़े।इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों सहित एक अन्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकास यादव पुत्र बुट्टन यादव निवासी झरिया, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार),
मेराज कुरैशी पुत्र अकबर कुरैशी निवासी चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) तथा विजय प्रताप यादव उर्फ वकील यादव पुत्र सीताराम निवासी हथिनी, थाना चकरघट्टा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। विकास यादव पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। तलाशी के दौरान विकास यादव और मेराज कुरैशी के कब्जे से एक-एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए। वहीं पिकअप वाहन से वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे छह गोवंश भी बरामद किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने बताया कि गिरफ्तार विकास यादव के विरुद्ध सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें पांच गो-तस्करी से संबंधित हैं। जबकि मेराज कुरैशी पर भी गो-तस्करी के दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, आर्म्स एक्ट तथा उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल अभियुक्तों का उपचार पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है।











