
*सोनभद्र जिला पंचायत निधि से बनी नाली एक वर्ष में ही टूटकर क्षतिग्रस्त*
*सोनभद्र जिला पंचायत निधि से बनी नाली एक वर्ष में ही टूटकर क्षतिग्रस्त*
•~ गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने आवाज उठाते लगाया सरकारी धन में लूट-खसोट का आरोप
*अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र।सदर विकासखंड के सलखन मुनगा टोला स्थित हरहिया पहाड़ी पुलिया से बाबा गुप्ता के घर तक जिला पंचायत निधि से लगभग एक वर्ष पूर्व निर्मित करीब 150 मीटर लंबी पक्की नाली क्षतिग्रस्त हो गयी है। बरसात शुरू होने से पहले ही नाली के कई हिस्से टूट जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जहां एक ओर ग्रामीण सवाल उठाने लगे हैं वहीं दूसरी ओर सरकारी धन में लूट-खसोट किए जाने का आरोप लगाया गया है।आरोप है कि नाली के क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्षा का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जलजमाव की स्थिति बनने से दुर्घटना की भी आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने नाली निर्माण में मानक गुणवत्ता का पालन न किए जाने का आरोप लगाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाली की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से स्थल का निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने के साथ ही क्षतिग्रस्त नाली की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।











