
*मजदूरों की मजदूरी लेकर लौट रहे व्यक्ति को घेरा, 20 हजार रुपये और सोने की चेन छिनैती का आरोप*
*मजदूरों की मजदूरी लेकर लौट रहे व्यक्ति को घेरा, 20 हजार रुपये और सोने की चेन छिनैती का आरोप*
•~ मुबारकपुर नहर के पास छह-सात लोगों पर रास्ता रोककर मारपीट,घायल पीड़ित ने सुकृत चौकी में दी तहरीर
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी अंतर्गत मुबारकपुर गांव में मंगलवार की रात कथित मारपीट और छिनैती का मामला सामने आया है। गौरही निवासी संजय मौर्य पुत्र धर्मराज मौर्य ने सुकृत चौकी में तहरीर देकर मुबारकपुर निवासी विजय पुत्र छैबर समेत छह-सात लोगों पर रास्ता रोककर मारपीट करने तथा करीब 20 हजार रुपये और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार वह प्रतिदिन मजदूरों को किसानों के खेतों में मिर्च की तोड़ाई के लिए लेकर जाता है। मंगलवार, 21 सितंबर 2026 को भी वह मजदूरों के साथ खेतों में गया था। काम पूरा होने के बाद किसानों की ओर से मजदूरों को बांटने के लिए करीब तीन-चार दिनों की मजदूरी का भुगतान उसे मिला था। मजदूरों को छोड़ने के लिए वह मुबारकपुर गांव पहुंचा।
*रास्ते में मोटरसाइकिल लगाकर रोकने का आरोप*
पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि मुबारकपुर निवासी विजय ने रास्ते में उसकी गाड़ी के आगे मोटरसाइकिल लगा दी और गाली-गलौज करने लगा। किसी तरह गाड़ी को बगल से निकालकर वह आगे बढ़ गया और मजदूरों को गांव में उतारने के बाद वापस लौटने लगा।आरोप है कि मुबारकपुर नहर के पास विजय ने अपने छह-सात साथियों के साथ सड़क घेरकर उसकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और मजदूरों को भुगतान करने के लिए रखे करीब 20 हजार रुपये कथित रूप से छीन लिए गए।
*सोने की चेन छीनने और चोट लगने का भी आरोप*
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके गले में पहनी करीब डेढ़ भर की सोने की चेन भी छीन ली गई। मारपीट में उसके गले और सीने में चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।पीड़ित ने किसी तरह डायल-112 को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। तहरीर में यह भी कहा गया है कि पुलिस टीम आरोपी विजय के घर पूछताछ के लिए पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
*सुकृत पुलिस चौकी में दी तहरीर, कार्रवाई की मांग*
घटना के बाद पीड़ित रात करीब 10 बजे सुकृत चौकी पहुंचा और तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं, सुकृत चौकी प्रभारी से मामले में जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।











