
*कोइलरवा हनुमान मंदिर पर गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया दर्शन-पूजन**
*कोइलरवा हनुमान मंदिर पर गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया दर्शन-पूजन**
चन्दौली (अविनाश तिवारी )
जिले के वनांचल व पहाड़ी क्षेत्र स्थित नौगढ़ तहसील के सुप्रसिद्ध कोइलरवा हनुमान मंदिर पर गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक माहौल देखने को मिला। इस खास मौके पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहाँ लोगों ने हनुमान जी के दर्शन-पूजन के साथ-साथ गुरु वंदना की और आनंद लिया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु—महिलाएं, पुरुष और बच्चे—एक साथ बैठकर सन्त की उपस्थिति में हवन, आरती तथा अनुष्ठान में भाग लिया,श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मंदिर परिसर के शेड के नीचे गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक कतार में जमीन पर बैठकर सादगी के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान व्यवस्थापकों और स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
मंदिर परिसर में एक ओर मंच सजाया गया था, जहाँ से गुरु वंदना और धार्मिक कार्यक्रम संचालित हो रहे थे। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की मौजूदगी से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी लोग परिवार सहित दर्शन-पूजन करने पहुंचे।जहां पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल मौजूद थी।
स्थानीय लोगों ने शोभनाथ केशरी ,विनोद,मनीष, पप्पू, सन्त, ने बताया कि कोइलरवा हनुमान मंदिर क्षेत्र का एक प्रमुख आस्था केंद्र है, और गुरु पूर्णिमा के दिन यहाँ हर साल इसी तरह श्रद्धालुओं का तांता लगता है। पूरे दिन मंदिर परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।











