
*अनियंत्रित मोटरसाइकिल सड़क पर फिसली, युवक घायल*
*अनियंत्रित मोटरसाइकिल सड़क पर फिसली, युवक घायल*
•~ आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं से राहगीरों में बढ़ी चिंता
*इंडिया लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के वाराणसी -शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सलखन ग्राम पंचायत के समीप गुरुवार की शाम करीब 6:30 बजे एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गुरमा मोड़ मारकुंडी निवासी रवि शर्मा (35 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय देवी प्रसाद शर्मा, ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। सलखन के समीप सड़क पर एक युवक को बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क पर फिसलते हुए गिर पड़ी। दुर्घटना में रवि शर्मा को काफी चोटें आईं।हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायल युवक को तत्काल मदद पहुंचाई। ग्रामीणों की सहायता से घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। घटना की सूचना परिजनों को भी दी गई, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंच गए।
*लगातार हो रही दुर्घटनाओं से बढ़ी चिंता*
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। तेज रफ्तार वाहनों और सड़क पर बढ़ते यातायात के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद सड़क हादसों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।











