
*सड़क के गड्ढे ने ली श्रद्धालुओं से भरी ऑटो की परीक्षा, पांच घायल*
*सड़क के गड्ढे ने ली श्रद्धालुओं से भरी ऑटो की परीक्षा, पांच घायल*
•~ शिवद्वार धाम दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की ऑटो जैत गांव के पास पलटी, तीन महिलाएं भी घायल
*इंडिया न्यूज़ टीवी लाइव संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। कलवारी-खलियारी स्टेट हाईवे की बदहाल स्थिति एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। रविवार को चंदौली जनपद के चकिया से घोरावल स्थित प्रसिद्ध शिवद्वार उमा-महेश्वर धाम में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी सीएनजी ऑटो जैत गांव के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे में पहिया पड़ने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन महिलाओं समेत पांच श्रद्धालु घायल हो गए।
बताया गया कि चकिया क्षेत्र से कई श्रद्धालु सीएनजी ऑटो में सवार होकर शिवद्वार धाम जा रहे थे। जैसे ही ऑटो सदर कोतवाली क्षेत्र के जैत गांव के समीप पहुंची, मुख्य मार्ग पर बने गड्ढे के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ऑटो सड़क पर पलट गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख- पुकार मच गई।हादसा होते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। दुर्घटना में तीन महिलाओं सहित पांच श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। समाचार लिखे जाने तक घायलों के नाम-पते की जानकारी नहीं हो सकी थी।
*सावन में बढ़ जाता है श्रद्धालुओं का आवागमन*
कलवारी-खलियारी स्टेट हाईवे पर जगह-जगह बने गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर कई बार खानापूर्ति की जाती है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। सावन माह में इस मार्ग से कांवरियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही काफी बढ़ जाती है, ऐसे में सड़क के गड्ढे दुर्घटना का बड़ा कारण बन सकते हैं।
*ग्रामीणों ने उठाई सड़क मरम्मत की मांग*
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से कलवारी- खलियारी मार्ग के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त कराया जाना जरूरी है।











