
*सलखन के अखाड़े में गूंजी पहलवानों की हुंकार, दांव-पेंच देख रोमांचित हुए दर्शक*
*सलखन के अखाड़े में गूंजी पहलवानों की हुंकार, दांव-पेंच देख रोमांचित हुए दर्शक*
•~ स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में विराट दंगल, दूर-दराज से पहुंचे नामी पहलवान; 20 हजार तक की इनामी कुश्तियों ने बांधा समां
*इंडिया न्यूज़ टीवी लाइव संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। सदर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलखन में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति एवं सम्मान में विराट दंगल का भव्य आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित दंगल में क्षेत्रीय पहलवानों के साथ विभिन्न जनपदों एवं अन्य प्रदेशों से आए नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम और कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।दंगल में 20 हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। अखाड़े में पहलवानों के उतरते ही मुकाबलों का रोमांच बढ़ गया। एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए पहलवानों ने पूरी ताकत झोंक दी। पहलवानों के शानदार दांव-पेंच और जोरदार मुकाबलों पर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाते रहे।सुबह से ही दंगल स्थल पर दर्शकों की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़े, अखाड़े के आसपास लोगों की संख्या बढ़ती गई। कई मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी पारंपरिक कुश्ती कला का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी। रोमांचक मुकाबलों के दौरान पूरा दंगल स्थल तालियों और उत्साहवर्धन से गूंजता रहा।
*आयोजन में सहयोगियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका*
विराट दंगल के सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष विश्वधर दुबे, सुनील कुमार, जग्गा यादव, गुलाब चंद्र समेत ग्राम पंचायत के तमाम सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन समिति की ओर से दूर-दराज से आए पहलवानों एवं अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया गया।
*सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद*
दंगल में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, आयोजन पूरी तरह खेल भावना और उत्साह के माहौल में सकुशल संपन्न हुआ। दंगल के सफल आयोजन से क्षेत्र में कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल विधा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।











