
*‘कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले’ गीत पर झूम उठा सरस्वती मंदिर परिसर*
*‘कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले’ गीत पर झूम उठा सरस्वती मंदिर परिसर*
•~ स्वतंत्रता दिवस पर छात्र- छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, अंग्रेजी भाषण ने भी बटोरी खूब तालियां
*इंडिया न्यूज़ टीवी लाइव संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। “कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले” और “तेरी माटी की कसम” जैसे देशभक्ति गीतों की गूंज से सरस्वती मंदिर परिसर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। अवसर था घोरावल शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय ढुटेर में देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का।कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रध्वज को नमन करने के बाद राष्ट्रगान से हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, एकता और राष्ट्रीय भावना की झलक देखने को मिली।
छात्र अमरजीत सिंह एवं स्वास्तिक चौबे द्वारा अंग्रेजी में प्रस्तुत किए गए भाषण की भी लोगों ने खूब सराहना की। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
*देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान*
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रशासक सुरसती देवी ने की, जबकि संचालन सहायक अध्यापक राजकुमार ने किया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को अक्षुण्ण बनाए रखने का आह्वान किया।प्रधानाध्यापक यतिनंदनलाल ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का भी अवसर प्रदान करते हैं।
इस मौके पर सहायक अध्यापक खड़गवीर सिंह, अनुदेशक अनिल चौबे, नीलू सोनकर, सुनीता, पूर्व ग्राम प्रधान रामजीत मौर्य, पूर्व विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानदास कनौजिया, विनोद कुमार मौर्य, एसएमसी अध्यक्ष महेश सिंह सहित तमाम गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
*सरकारी एवं शिक्षण संस्थानों में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस*
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर थाना, पुलिस चौकी, बैंक, सरकारी एवं अर्धसरकारी कार्यालयों के साथ क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। जगह-जगह छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह, उमंग और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया गया।











