
*ग्रामीण पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा संगठन*
*ग्रामीण पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा संगठन*
•~ दुद्धी में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, अमिताभ मिश्र को तहसील अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता सेराज अहमद/अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के निर्देश पर सोनभद्र जनपद में चल रही तहसील स्तरीय बैठकों की कड़ी में दुद्धी तहसील की संगठनात्मक बैठक जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।मंडल अध्यक्ष रूपेश पांडेय, प्रदेश महासचिव (संगठन) डा. नरेश पाल सिंह एवं सुधाकर मिश्र के दिशा-निर्देशन में आयोजित बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। इसी क्रम में अमिताभ मिश्र को दुद्धी तहसील अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ग्रामीण अंचल के पत्रकारों की समस्याओं को प्रशासन और समाज के सामने मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के
सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेगा। पत्रकार साथियों के सुख-दुख में संगठन सदैव कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।नवनियुक्त तहसील अध्यक्ष अमिताभ मिश्र ने जिम्मेदारी मिलने पर संगठन के पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों का आभार जताते हुए कहा कि जिन लोगों ने उन पर विश्वास जताकर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य कर रहे पत्रकारों की जमीनी समस्याओं को प्रशासन और समाज के सामने प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद की जाएगी। संगठन के प्रत्येक पत्रकार साथी के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पत्रकारों, साथियों एवं शुभचिंतकों से सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा भी जताई।बैठक में मुख्य रूप से सेहनुर हसन, लल्लन गुप्ता, जर्रार खान, विजय कुमार, रामकेश यादव, राघवेंद्र कुमार, रोहित तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।











