
*जिला कारागार पहुंचीं महिला आयोग की सदस्य, महिला बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा*
*जिला कारागार पहुंचीं महिला आयोग की सदस्य, महिला बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा*
•~ 52 महिलाएं व 8 बच्चे मिले मौजूद, महिला अहाता, चिकित्सा कक्ष और पाकशाला का किया निरीक्षण
•~ महिला बंदियों व उनके बच्चों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। जिला कारागार सोनभद्र में सोमवार को महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती गीता विश्वकर्मा ने निरीक्षण कर महिला बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कारागार पहुंचने पर मुख्य द्वार पर जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने पुष्प देकर उनका स्वागत किया।निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की सदस्य के साथ प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती इन्द्रावती सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सर्वप्रथम उन्होंने महिला अहाता का भ्रमण किया तथा वहां निरुद्ध महिलाओं और उनके साथ रह रहे बच्चों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान महिला अहाते में कुल 52 महिलाएं और 8 बच्चे पाए गए, जिनमें आठ महिलाएं सिद्धदोष बंदी के रूप में निरुद्ध थीं। महिला आयोग की सदस्य ने महिलाओं से टीकाकरण, खान- पान, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा उनके साथ रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की। इसके बाद महिला अहाते में जीर्णोद्धार किए गए शिव मंदिर तथा महिला चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने जेल प्रशासन के कार्यों की सराहना की।इसके उपरांत महिला आयोग की सदस्य ने कारागार की पाकशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयार भोजन की गुणवत्ता को परखा और वहां कार्य कर रहे बंदियों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पाकशाला में स्वच्छता एवं भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिलने पर उन्होंने इसकी प्रशंसा की।समग्र निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की सदस्य ने कारागार की प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने प्रभारी डीपीओ को निर्देशित किया कि कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों तथा उनके साथ रह रहे बच्चों को शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र, जेलर अरविन्द कुमार सिन्हा, उप जेलर गौरव कुमार, उप जेलर किशन सिंह बल्दिया सहित अन्य कारागार कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।











