
*मौज में मिली मौत -झरने में पिकनिक बनी मौत का सबब! पैर फिसला, पत्थर पर गिरा युवक,इलाज के दौरान मौत*
*मौज में मिली मौत -झरने में पिकनिक बनी मौत का सबब! पैर फिसला, पत्थर पर गिरा युवक,इलाज के दौरान मौत*
•~ मारकुंडी घाटी में पिकनिक के समय स्नान के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, परिजनों में मचा कोहराम,
गांव में पसरा मातम
•~ पिकनिक की खुशियां पल भर में बदलीं मातम में
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। मारकुंडी घाटी के झरने में पिकनिक और मौज-मस्ती करने गए युवकों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब स्नान के दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह पत्थर पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गुरमा पुलिस चौकी क्षेत्र के मारकुंडी घाटी के नीचे भुईहरिया के समीप मारकुंडी गांव के करीब आधा दर्जन युवक बुधवार की सुबह तकरीबन 12 बजे दोपहर पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान झरने में स्नान करते समय सूबेदार यादव उर्फ मुन्ना (35) पुत्र भोला यादव का अचानक पैर फिसल गया।बताया जाता है कि संतुलन बिगड़ते ही वह पास के पत्थर पर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद साथियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी युवक आनन-फानन में घायल सूबेदार यादव को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
*जिला अस्पताल में जिंदगी की जंग हारा युवक*
जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना जैसे ही घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते पूरे गांव में मातम पसर गया।
*सावधानी में जरा-सी चूक बन सकती है जानलेवा*
मारकुंडी घाटी और आसपास के झरनों में बारिश के मौसम में पानी का बहाव तेज होने के साथ ही पत्थर बेहद फिसलन भरे हो जाते हैं। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर झरनों और जलस्रोतों पर स्नान व पिकनिक के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत की ओर ध्यान खींचता है।











