
*उर्वरक वितरण में गड़बड़ी मिली तो तय होगी जिम्मेदारी*
*उर्वरक वितरण में गड़बड़ी मिली तो तय होगी जिम्मेदारी*
•~ वसूली की खराब स्थिति पर जताई नाराजगी, ऋण वितरण और वसूली बढ़ाने का निर्देश
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। जिला सहकारी बैंक मिर्जापुर की ओबरा शाखा में बी-पैक्स सचिवों की समीक्षा बैठक एडीसीओ ओबरा कृष्ण मुरारी त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शाखा प्रबंधक ओबरा शशिकांत सिंह भी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान समितियों की वसूली की स्थिति अत्यंत खराब पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।रामगढ़, परसोई और जुगैल समितियों में एक लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों से वसूली की स्थिति बेहद निराशा जनक पाई गई। इस पर एडीसीओ ने सभी सचिवों को वसूली में तेजी लाने के साथ ही ऋण वितरण बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए।एडीसीओ कृष्णमुरारी त्रिपाठी ने उर्वरक वितरण को लेकर सचिवों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने में नियमबद्धता, ईमानदारी और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जाए। किसानों की शिकायतें लगातार सामने आती रहीं तो संबंधित बिक्री केंद्र प्रभारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में 15 लाख रुपये की ऋण सीमा के संबंध में सचिवों को विस्तार से जानकारी दी गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं कंप्यूटरीकरण की समीक्षा के दौरान सभी समितियों का डाटा अपडेट पाया गया। सभी समितियों को प्रतिदिन अनिवार्य रूप से बाउचर फीडिंग करने के निर्देश दिए गए।बैठक में एडीसीओ केएम त्रिपाठी, शाखा प्रबंधक शशिकांत सिंह के अलावा सचिव उदयवीर, अमरदेव, उमाशंकर यादव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।











