
*” नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की हाथी घोड़ा पालकी…’’ से गूंजा सलखन-गुरमा-मारकुंडी-केवटा*
*” नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की हाथी घोड़ा पालकी…’’ से गूंजा सलखन-गुरमा-मारकुंडी-केवटा*
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। सदर विकासखंड के न्याय पंचायत सलखन अंतर्गत सलखन, गुरमा,मारकुंडी और केवटा क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर पूरा क्षेत्र ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दिनभर व्रत रखकर भगवान लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना की और रात्रि में आकर्षक झांकियों, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों के बीच जन्मोत्सव मनाया।घरों और मंदिरों में भगवान लड्डू गोपाल की मनोहारी प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण एवं हवन-पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। गुरमा मीनाबाजार स्थित मां शीतला मंदिर, भैसासुर बाबा स्थल, प्राचीन हनुमान मंदिर, छोटी मंदिर गुरमा तथा वार्ड नंबर-2 जेल कैंप और मझियान बस्ती को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया। रोशनी से जगमगाते आयोजन स्थल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
*नन्हे राधा-कृष्ण ने मोहा सबका मन,सोहर-मंगल गीतों से गूंजा वातावरण*
जन्माष्टमी समारोह में छोटे-छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे कलाकारों की मासूम अदाओं और आकर्षक झांकियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा के दौरान बच्चों ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए नृत्य किया, जिससे उत्सव का उल्लास और बढ़ गया। महिला श्रद्धालुओं ने पारंपरिक सोहर एवं मंगल गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। ‘जुग-जुग जिया हो ललनवा, देवकी के जनमे कन्हैया, गोकुल में बाजे बधैया हो…’ जैसे मंगल गीतों से पूरा क्षेत्र कृष्ण भक्ति में डूब गया। वहीं नृत्य कलाकारों ने कृष्ण भजनों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
*शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब*
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्ति गीतों, जयकारों और झांकियों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का दर्शन किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान चौकी प्रभारी श्री प्रकाश ने स्वयं संभाली। पुलिस टीम के साथ उन्होंने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। भारी भीड़ और लंबी शोभायात्रा के बावजूद पुलिस की सक्रियता से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस आयोजन में श्रद्धालु भक्तजनों में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं समाजसेवी सूरज सिंह यादव, पुजारी बृजभूषण यादव, राकेश मिश्रा, राजकुमार मिश्रा, ज्ञानदास ‘चतुरी प्रसाद’, जिलाजीत यादव, राम जानकी गुप्ता ‘मुन्ना’, इंद्रजीत यादव ‘बब्बू’, पुजारी बीरबल शर्मा, अजय सोनी ‘चंदन’, बबलू सोनी, मुलायम सिंह यादव, बच्चा सिंह, मुखनाथ गिरी, पुनवासी मास्टर, सनी गोस्वामी, सूरज गिरी, धरमू यादव, मनोज यादव उर्फ डब्ल्यू, उमेश जायसवाल, बब्बू जायसवाल, कमल यादव, सत्यम गुप्ता, सुरेंद्र यादव, अशोक कुमार यादव, धीरेंद्र यादव ‘बुच्ची’, धर्मदेव गिरी, बुल्लू पनिका, विमलेश पनिका, राजेंद्र भारती, नीतीश मौर्य, दीपक मौर्य, सूरज केसरी, रिंकू सोनकर, आशुतोष गुप्ता, पेंटर मनोज कुमार, मंजू देवी समेत बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे।
*इस प्रकार सलखन, गुरमा, मारकुंडी और केवटा क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति, उल्लास और आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।*











