*नवागत थानाध्यक्ष करमा को चोरों की खुली चुनौती! शिव मंदिर में फिर चोरी, पुलिस के हाथ खाली*

*नवागत थानाध्यक्ष करमा को चोरों की खुली चुनौती! शिव मंदिर में फिर चोरी, पुलिस के हाथ खाली*
•~ दो सप्ताह में दूसरी बार मंदिर को बनाया निशाना, घंटा चोरी होने से ग्रामीणों में दहशत
~ पहली चोरी का खुलासा नहीं, फिर वारदात से पुलिस गश्त पर उठे सवाल

करमा, सोनभद्र ( विनोद मिश्रा /सेराज अहमद)

करमा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। रानीतारा गांव स्थित शिव मंदिर को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है। मंदिर से घंटा चोरी होने की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश के साथ दहशत का माहौल है। सबसे गंभीर बात यह है कि ग्रामीणों के मुताबिक पिछली चोरी की घटना का अभी तक खुलासा नहीं हो सका और इसी बीच चोरों ने दोबारा मंदिर में धावा बोल दिया।
मंदिर के पुजारी अजय कुमार के अनुसार, बीती रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में पहुंचे और वहां लगा घंटा चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पीआरवी 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थलीय निरीक्षण कर वापस लौट गई।ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही दिनों के अंतराल में लगातार चोरी की घटनाएं होना करमा पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जब मंदिर जैसे धार्मिक स्थल भी चोरों से सुरक्षित नहीं हैं तो आम ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
*पहली चोरी का खुलासा नहीं, दूसरी वारदात ने बढ़ाई बेचैनी*
ग्रामीणों के अनुसार करीब दो सप्ताह पूर्व भी इसी क्षेत्र में चोरी की घटना हुई थी, लेकिन उसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। ऐसे में दूसरी चोरी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पहली घटना में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरों तक पहुंच बनाई होती तो शायद दूसरी वारदात को रोका जा सकता था।ग्रामीणों का कहना है कि चोरों में पुलिस का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है। अब चोर घर-दुकान तक सीमित न रहकर मंदिर जैसे आस्था के केंद्रों को भी निशाना बनाने लगे हैं। इससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
*नवागत थानाध्यक्ष करमा के लिए पहली बड़ी चुनौती*
करमा थाने के नव नियुक्त थानाध्यक्ष के सामने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना और पूर्व की घटनाओं का खुलासा करना बड़ी चुनौती बन गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मंदिर में हुई चोरी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर चोरों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए l इंद्रपती यादव, लक्ष्मण यादव, सुरेश सिंह, श्यामू यादव, सतीश सिंह,अमरनाथ मौर्या, विजय कुमार यादव, रमेश मौर्य सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस एवं उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते पुलिस ने चोरियों का खुलासा नहीं किया तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं। लोगों ने नवागत थानाध्यक्ष से इस घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles