
*सलखन में जरा सी चूक होती तो हो जाता बड़ा हादसा!सड़क पर धड़ाम से गिरा भारी लोहे का हाइट बीम*
*सलखन में जरा सी चूक होती तो हो जाता बड़ा हादसा!सड़क पर धड़ाम से गिरा भारी लोहे का हाइट बीम*
•~ रेलवे ब्रिज की हाइट बीम रेलिंग टूटकर सड़क पर गिरी, राहगीरों में मची अफरा-तफरी
•~ बाल-बाल बचे राहगीर और वाहन, कुछ देर थमा यातायात; पुलिस व स्थानीय लोगों ने हटाया मलबा
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता/राघवेंद्र कुमार*
गुरमा,सोनभद्र ।वाराणसी- शक्तिनगर मार्ग पर सलखन स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रावर्ट्सगंज से चोपन की ओर जाने वाले मार्ग पर रात्रि तकरीबन 8:30 बजे रेलवे ब्रिज की हाइट बीम की भारी लोहे की रेलिंग अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरी। लोहे की भारी-भरकम संरचना के अचानक सड़क पर गिरते ही आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।गनीमत रही कि जिस समय लोहे की रेलिंग सड़क पर गिरी, उस दौरान उसकी चपेट में कोई राहगीर अथवा वाहन नहीं आया। यदि उस समय वहां से कोई वाहन या राहगीर गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा
सकता था। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।भारी लोहे की रेलिंग सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने लगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा संयुक्त प्रयास से सड़क पर गिरी लोहे की रेलिंग को हटाकर किनारे कराया गया। इसके बाद यातायात व्यवस्था पुनः सुचारु हो सकी।
*सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल*
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रेलवे ब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि व्यस्त वाराणसी- शक्तिनगर मार्ग पर इस प्रकार भारी लोहे की संरचना का अचानक गिरना गंभीर लापरवाही का संकेत है। यदि समय रहते हाइट बीम और उसकी रेलिंग की जांच एवं मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय लोगों ने
संबंधित विभाग से रेलवे ब्रिज की हाइट बीम, लोहे की रेलिंग और अन्य सुरक्षा संरचनाओं की तत्काल जांच कराने तथा जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी को रोका जा सके।











