
*अलीनगर में अंतरराज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़:*
*अलीनगर में अंतरराज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़:*
1.20 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार
चन्दौली अविनाश तिवारी ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई के तहत अंतरराज्यीय शराब तस्करी करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने NH-19 पर स्थित सिंधीताली पुल के पास से एक ट्रक और एक ब्रेजा कार को पकड़कर 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक से ‘वाल पुट्ठी’ की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही 775 पेटी (कुल 6935 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
पकड़ी गई शराब में इम्परियल ब्लू, रॉयल स्टेज और मैकडावल जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹1.20 करोड़ से अधिक आंकी गई है।तस्कर दिल्ली और चंडीगढ़ से इस अवैध खेप को प्रतिबंधित राज्य बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस को चकमा देने के लिए आगे एक ब्रेजा कार चल रही थी, जिससे तस्कर पुलिस चेकिंग की लोकेशन शेयर कर रहे थे।
सिंधीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, तो ड्राइवर ने पुलिस टीम पर ही ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और मौके से 3 तस्करों को दबोच लिया। इसके बाद, उनकी निशानदेही पर आगे चल रही ब्रेजा कार सवार 2 अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा गया। कार से 5 एटीएम कार्ड और ₹2500 नकद भी बरामद हुए हैं।
इस मामले में अलीनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।











