
*“गांधी की सत्य, अहिंसा एवं शास्त्री की सादगी से गूंजा सोनभद्र”—जयंती पर जगह- जगह हुए कार्यक्रम*
*“गांधी की सत्य, अहिंसा एवं शास्त्री की सादगी से गूंजा सोनभद्र”—जयंती पर जगह- जगह हुए कार्यक्रम*
•~ शिक्षण संस्थानों व सरकारी कार्यालयों में धूमधाम से मनी जयंती, प्रभातफेरी और ध्वजारोहण के बाद महापुरुषों के आदर्शों पर हुई चर्चा
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती गुरुवार को जिलेभर में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, राजकीय कार्यालयों और सामाजिक संगठनों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों में प्रभातफेरी निकालने के बाद ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के जीवन में सादगी, सत्य, अहिंसा, त्याग और देशसेवा जैसे अनेक गुण समान रूप से दिखाई देते हैं। दोनों महापुरुषों ने अपने आचरण और विचारों से देशवासियों को नई दिशा दी। उनके आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वक्ताओं ने लोगों से महापुरुषों के विचारों को आत्मसात कर उन्हें अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
*प्राथमिक विद्यालय ढूटेर में हुआ विशेष आयोजन*
प्राथमिक विद्यालय ढूटेर में ग्राम प्रधान (प्रशासक) सुरसती देवी के प्रतिनिधि गुलाब सिंह ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने अपने नैतिक बल के माध्यम से भारतीयों के मन में स्वतंत्रता की चेतना जगाई। वहीं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शास्त्री ने गांधीजी के विचारों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए।कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक रिजवान अहमद, सहायक अध्यापिका शमा, शिक्षामित्र मनोज कुमार सिंह, अंजु श्रीवास्तव, सफाईकर्मी पंकज तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
*मारकुंडी समेत कई गांवों में भी गूंजा महापुरुषों का संदेश*
इसी क्रम में राबर्ट्सगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत मारकुंडी के मारकुंडी, भूईहरिया, अवई, केवटा, चकरिया प्रथम, चकरिया द्वितीय, कुशहिया, पनकिनिया, सलखन और पटवध समेत विभिन्न क्षेत्रों में भी गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।विद्यालयों में बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने दोनों महापुरुषों के जीवन चरित्र और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। इस दौरान सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।











