
*रामधुन के साथ गूंजा स्वच्छता का संदेश, स्वयंसेवकों ने चलाया अभियान*
*रामधुन के साथ गूंजा स्वच्छता का संदेश, स्वयंसेवकों ने चलाया अभियान*
•~ एनटीपीसी शक्तिनगर परिसर में गांधी-शास्त्री जयंती पर विचार गोष्ठी, स्वच्छ वातावरण से स्वच्छ विचार का दिया संदेश
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी जिला ब्यूरो प्रमुख सेराज अहमद/अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर, शक्तिनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वितीय एवं तृतीय के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार यादव तथा कार्यक्रम अधिकारी द्वय डॉ. मनोज कुमार गौतम एवं डॉ. मृत्युंजय कुमार पांडेय ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ की रामधुन गाते हुए परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए परिसर प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि नैतिकता के बाद स्वच्छता का महत्वपूर्ण स्थान है। स्वच्छ वातावरण से स्वच्छ विचार एवं सकारात्मक भावनाओं का निर्माण होता है। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. माणिक चंद पांडेय ने कहा कि स्वच्छता केवल आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सभ्य समाज की नींव है। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को याद करते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज कुमार गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की शुरुआत गांधीजी की जयंती के अवसर पर हुई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सामाजिक दायित्व और जनकल्याण की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी इस उद्देश्य की सार्थकता को दर्शाती है।कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार पांडेय ने उपस्थित लोगों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए
स्वयंसेवकों के सेवा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अभियान को सफल बनाने में स्वयंसेवक आकाश कुमार चौबे, सत्यम वर्मा, हर्षित पांडेय, विवेक तिवारी, चतुर्वेदी, साधना एवं मुस्कान सहित अन्य स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर डॉ. रागिनी श्रीवास्तव, अजय लक्ष्मी, प्रशांत विश्वकर्मा, डॉ. रणवीर प्रताप सिंह, उदय नारायण पांडेय, डॉ. रजनीकांत राम सहित शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।











