
*सलखन में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, दो बेटियां और दिव्यांग मां के सिर से उठा सहारा,इलाके में सनसनी*
*सलखन में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, दो बेटियां और दिव्यांग मां के सिर से उठा सहारा,इलाके में सनसनी*
•~ रविवार की रात मुरी एक्सप्रेस से हुआ हादसा, रेलवे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता/राघवेंद्र कुमार*
गुरमा-सलखन/सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन स्थित चुड़िहर मंदिर के समीप रविवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव की शिनाख्त कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
*दो बेटियों और दिव्यांग मां के साथ मेहनत-मजदूरी कर चलाता था परिवार*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मारकुंडी ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम अवई निवासी कमलेश (35 वर्ष), पुत्र रामजीवन के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कमलेश लंबे समय से पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहा था। वह अपनी दो बेटियों और दिव्यांग मां के साथ रहकर मेहनत-मजदूरी के सहारे परिवार का भरण-पोषण करता था। ऐसे में उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने दुखों के साथ ही भविष्य को लेकर भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
*रात 1:40 बजे मुरी एक्सप्रेस से हादसे की सूचना*
अगोरी रेलवे स्टेशन के बड़े बाबू रामानंद के अनुसार, रविवार की रात करीब 1:40 बजे मुरी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि युवक की मौत से उसके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।











