
*महाष्टमी पर मां दुर्गा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा, भक्ति में डूबा मारकुंडी क्षेत्र*
*महाष्टमी पर मां दुर्गा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा, भक्ति में डूबा मारकुंडी क्षेत्र*
•~ महुआंव कला से मारकुंडी बाजार और सलखन तक सजे भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, दर्शन-पूजन के लिए उमड़े श्रद्धालु
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर मारकुंडी क्षेत्र पूरी तरह मां दुर्गा की भक्ति में डूबा नजर आया। मां के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महुआंव कला, रेलवे गेट मारकुंडी बाजार और सलखन मुख्य बाजार में सजे भव्य दुर्गा पूजा पंडालों में भक्तों की आवाजाही बनी रही। मां के जयकारों, आरती और घंटियों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धा और उल्लास के बीच भक्तों ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
*महुआंव कला में भव्य पंडाल बना आकर्षण का केंद्र*
महुआंव कला में मां देवी पाटन पूजा समिति की ओर से आकर्षक ढंग से सजे भव्य पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। पंडाल की सजावट और भक्तिमय वातावरण श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता रहा। आरती के समय माहौल पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर हो गया। पूजा समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा कार्यक्रमों के सुचारु संचालन में जुटे रहे।
*मारकुंडी बाजार में मां के दर्शन को उमड़े भक्त*
रेलवे गेट मारकुंडी स्थित नवयुवा दुर्गा पूजा समिति की ओर से भी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। अष्टमी के पावन अवसर पर यहां श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर माथा टेका और सुख-शांति की प्रार्थना की। मां के जयकारों से आसपास का वातावरण गूंजता रहा।
*सलखन में भी दुर्गोत्सव की दिखी धूम*
सलखन मुख्य बाजार में नव दुर्गा पूजा समिति की ओर से सजाया गया दुर्गा पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। रंग-बिरंगी सजावट और पूजा-अर्चना के बीच भक्तों की आस्था देखते ही बन रही थी। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आरती में शामिल होकर श्रद्धापूर्वक पूजा की और परिवार की खुशहाली की कामना की।
*भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर हुआ पूरा क्षेत्र*
महाष्टमी के पावन अवसर पर महुआंव कला, मारकुंडी और सलखन के पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़ ने नवरात्र के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह को प्रदर्शित किया। जगह-जगह गूंजते मां के जयकारे, आरती की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं की चहल-पहल से दुर्गोत्सव की रौनक चरम पर नजर आई। पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर रहा और वातावरण में श्रद्धा, उल्लास तथा धार्मिक उत्साह की अनूठी छटा बिखरती रही।











