
*अज्ञात वाहन की टक्कर से अर्धविक्षिप्त,बेसहारा व्यक्ति की दर्दनाक मौत, अपनों की पहचान से अब भी दूर शव की शिनाख्त नहीं*
*अज्ञात वाहन की टक्कर से अर्धविक्षिप्त,बेसहारा व्यक्ति की दर्दनाक मौत, अपनों की पहचान से अब भी दूर शव की शिनाख्त नहीं*
•~ मारकुंडी मुख्य मार्ग पर डीएस पब्लिक स्कूल के समीप हादसा, तीन वर्षों से झोपड़ी में रहकर मांगता था भोजन
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र की गुरमा पुलिस चौकी अंतर्गत मारकुंडी मुख्य मार्ग पर डीएस पब्लिक स्कूल, अवई के समीप शुक्रवार की भोर में अज्ञात वाहन की टक्कर से करीब 35 वर्षीय अर्धविक्षिप्त व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है।
*तीन वर्षों से झोपड़ी में रहकर करता था गुजारा*
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक पिछले कई वर्षों से मारकुंडी क्षेत्र के आसपास घूमता था और लोगों से मांगकर अपना पेट भरता था। बताया जाता है कि वह करीब तीन वर्षों से क्षेत्र में एक झोपड़ी बनाकर रह रहा था। उसकी मौत की खबर से स्थानीय लोगों में चर्चा रही।
*हुलिए के आधार पर पहचान कराने में जुटी पुलिस*
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष, रंग गेहुँआ और लंबाई करीब पांच फीट छह इंच है। उसने नीली शर्ट, मटमैली गंजी और काला लोअर पहन रखा था। उसके शरीर पर फटी जींस भी थी तथा गले में रंग-बिरंगी माला थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।फिलहाल मृतक की मौत के मामले में अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जाना बाकी है।











