
*सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर ही मजबूत होगा राष्ट्र : श्रीकांत त्रिपाठी*
*सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर ही मजबूत होगा राष्ट्र : श्रीकांत त्रिपाठी*
•~ रालोद कार्यालय में लौह पुरुष की जयंती पर उमड़ा सम्मान, पदाधिकारियों ने चित्र पर माल्यार्पण कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
•~ बारडोली और खेड़ा सत्याग्रह में किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष को किया याद
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के जिला पार्टी कार्यालय पर शनिवार को लौह पुरुष एवं राष्ट्र की एकता-अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को नमन किया। वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रालोद जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और किसानों के अधिकारों के संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने वर्ष 1928 के ऐतिहासिक बारडोली सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजी हुकूमत द्वारा किसानों पर थोपे गए अनुचित लगान के खिलाफ सरदार पटेल ने किसानों को संगठित कर निर्णायक आंदोलन का नेतृत्व किया था। उनके कुशल नेतृत्व और किसानों की अभूतपूर्व एकजुटता के सामने अंग्रेजी सरकार को अपना फैसला वापस लेने के लिए विवश होना पड़ा। बारडोली सत्याग्रह भारतीय किसान आंदोलन के इतिहास में साहस, संघर्ष और संगठन शक्ति का अनुपम उदाहरण है।जिला संगठन महासचिव धीरज चौबे ने कहा कि खेड़ा सत्याग्रह के दौरान फसल बर्बाद होने के बावजूद किसानों से लगान वसूली के अंग्रेजी हुकूमत के फैसले का सरदार पटेल ने पुरजोर विरोध किया था। उन्होंने किसानों के साथ खड़े होकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी और उन्हें राहत दिलाने के लिए संघर्ष किया। किसानों को संगठित करने तथा उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए उनके प्रयास सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी ने आगे कहा कि आजादी के बाद देश की 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर सरदार पटेल ने अखंड भारत की मजबूत आधारशिला रखी। उनकी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व ने देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। राष्ट्र की एकता, अखंडता और किसानों के हितों के प्रति उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। राष्ट्रीय लोक दल उनके आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करते
हुए किसान, गरीब और वंचित वर्गों के हितों के लिए संघर्षरत है।कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन जिला सचिव रामदेव चौहान ने किया। इस दौरान विजय कुमार भारती, मनदीप सिंह, अनुज त्रिपाठी, प्रदीप त्रिपाठी, ओम प्रकाश पटेल, मो. आमीन, नागेश्वर आदिवासी, बाबा रामदेव, सुनील सिंह पटेल, गंगेश्वर पटेल, काशीनाथ देव पांडेय, ओम प्रकाश भारती, भूषण पटेल, बुधनी देवी, जितेंद्र चौबे, सत्येंद्र देव, राजनारायण सिंह पटेल, शिवपूजन त्रिपाठी, राजबली मिश्रा, राजकुमार, विवेक चतुर्वेदी, सूरज चौबे, रामसेवक पटेल, चंद्रबहन पटेल, गुड्डू माली एवं रोहित सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।











