
*धान खरीद में शून्य प्रगति पर एडीसीओ नाराज, किसानों से तत्काल संपर्क करने के निर्देश*
*धान खरीद में शून्य प्रगति पर एडीसीओ नाराज, किसानों से तत्काल संपर्क करने के निर्देश*
•~ जक्खिनी क्रय केंद्र का किया औचक निरीक्षण, लक्ष्य पूरा करने के साथ किसानों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करने पर दिया जोर
*इंडिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा-सोनभद्र। धान खरीद सत्र शुरू होने के बावजूद क्रय केंद्र पर अभी तक खरीद का खाता नहीं खुलने पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने नाराजगी जताई है। शनिवार को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता के निर्देश पर एडीसीओ अवधेश कुमार सिंह ने बीपैक्स जक्खिनी स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर धान खरीद की प्रगति शून्य मिलने पर उन्होंने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए केंद्र प्रभारी को किसानों से तत्काल संपर्क स्थापित कर खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान केंद्र पर धान खरीद के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई। मौके पर खरीद संबंधी बैनर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, पावर डस्टर और आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध मिली। हालांकि, अब तक एक भी किसान से धान की खरीद नहीं होने पर एडीसीओ ने केंद्र प्रभारी से जानकारी ली।इस पर केंद्र प्रभारी एवं सचिव विवेक कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के किसानों का धान अभी तैयार नहीं हुआ है। इसके चलते केंद्र पर धान की आवक शुरू होने में अभी एक से दो सप्ताह का समय लग सकता है।
एडीसीओ अवधेश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि धान तैयार होने का इंतजार करने के बजाय क्षेत्रीय किसानों से अभी से संपर्क स्थापित किया जाए, ताकि फसल तैयार होते ही मानक के अनुरूप धान की खरीद सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने निर्धारित खरीद लक्ष्य को समय से पूरा करने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर भी जोर दिया।उन्होंने केंद्र प्रभारी को किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए क्रय केंद्र पर बैठने की समुचित व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान सचिव विवेक कुमार सिंह, सहयोगी आलोक सिंह सहित दर्जनों क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।











