
डीएम ने किसानों के साथ की धान कटाई,किसानों से पराली न जलाने की भावपूर्ण अपील*
डीएम ने किसानों के साथ की धान कटाई,किसानों से पराली न जलाने की भावपूर्ण अपील*
सोनभद्र (विनोद मिश्रा /सेराज अहमद )
किसानों के परिश्रम, मेहनत और खेती-किसानी से जुड़ाव का संदेश देते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ आज स्वयं खेत में उतरे और हसिया चलाकर धान की फसल की कटाई की। राबर्ट्सगंज तहसील के राजस्व ग्राम बिच्छी में कृषक राजू कुमार मौर्य के खेत में जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग प्रक्रिया में स्वयं सहभागिता करते हुए धान उत्पादन का आकलन किया।इस दौरान जिलाधिकारी ने किसान के साथ खेत में धान की फसल काटी और क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया को करीब से समझा। उनका खेत में स्वयं हसिया चलाकर फसल काटना किसानों के श्रम और खेती के प्रति सम्मान एवं जुड़ाव का संदेश देने वाला रहा।क्रॉप कटिंग के लिए खेत में 0.0043 हेक्टेयर (43.3 वर्ग मीटर) क्षेत्रफल का चयन किया गया। चयनित क्षेत्र में धान की कटाई के उपरांत उपज का वजन कराया गया, जिसमें कुल 21.880 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसके आधार पर फसल की उत्पादकता का आकलन किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी कृषक बंधुओं से भावपूर्ण अपील की कि फसल
कटाई के बाद खेतों में पराली न जलाएं। पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है तथा वायु की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ ही मिट्टी की उर्वरा शक्ति को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि किसान भाई पराली के उचित प्रबंधन के विकल्प अपनाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। पराली जलाते हुए पाए जाने पर शासन के प्रावधानों के अनुसार जुर्माना लगाए जाने की व्यवस्था भी है।जिलाधिकारी ने यह भी अपील की कि जिन किसान भाइयों के पास आवश्यकता से अधिक कृषि
उत्पादन, चारा एवं अनाज उपलब्ध है, वे जनपद में संचालित गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के लिए स्वेच्छा से चारा एवं अनाज दान कर पुण्य के भागीदार बनें।इस अवसर पर तहसीलदार सदर श्री राहुल सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक श्री अमरनाथ पाठक, अपर सांख्यिकी अधिकारी श्री संतोष कुमार मौर्य, क्षेत्रीय लेखपाल श्री सुबोध कुमार सिंह एवं श्री संज्जन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











