
*फिटनेस के नाम पर कथित अवैध वसूली!ट्रक ओनर्स एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, एआरटीओ को सौंपा ज्ञापन*
*फिटनेस के नाम पर कथित अवैध वसूली!ट्रक ओनर्स एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, एआरटीओ को सौंपा ज्ञापन*
•~ सरकारी शुल्क से इतर वाहन स्वामियों से वसूली जा रही मनमानी धनराशि, छोटे-बड़े कमर्शियल वाहन मालिकों में भारी आक्रोश
•~ फिटनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली और शुल्क वसूली की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
*इण्डिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददातासेराज अहमद /अवधेश कुमार गुप्ता*
सोनभद्र। जनपद में संचालित निजी वाहन फिटनेस सेंटरों की कथित मनमानी, अनियमितता और निर्धारित सरकारी शुल्क से इतर वाहन स्वामियों से अतिरिक्त धनराशि वसूले जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। छोटे-बड़े निजी एवं कमर्शियल वाहनों के मालिकों की समस्याओं को लेकर सोनभद्र ट्रक ओनर्स एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है।एसोसिएशन के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, सोनभद्र को ज्ञापन सौंपकर फिटनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने और कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
एसोसिएशन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जनपद में स्थापित वाहन फिटनेस सेंटरों पर वाहनों की फिटनेस जांच एवं फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने के नाम पर निर्धारित सरकारी शुल्क के अतिरिक्त मनमाने ढंग से अत्यधिक धनराशि की मांग की जा रही है। इस प्रकार की अनियमित एवं कथित अवैध वसूली से छोटे-बड़े वाहन स्वामी परेशान हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।ज्ञापन में कहा गया है कि वाहन स्वामियों को पहले से ही डीजल, पेट्रोल, बीमा, टैक्स, मरम्मत तथा अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में फिटनेस कराने के नाम पर अतिरिक्त धनराशि की मांग वाहन मालिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। इससे वाहन स्वामियों में भारी असंतोष व्याप्त है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि जनपद में संचालित सभी फिटनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली एवं शुल्क वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए। फिटनेस के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क की सूची सेंटर परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराई जाए, ताकि वाहन स्वामियों को वास्तविक शुल्क की जानकारी मिल सके। निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त किसी भी प्रकार की धनराशि की वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही वाहन स्वामियों से मनमानी धनराशि वसूलने की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित सेंटर के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।एसोसिएशन ने यह भी मांग उठाई कि फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी एवं वाहन स्वामियों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए तथा प्रत्येक वाहन स्वामी को जमा की गई धनराशि की विधिवत रसीद उपलब्ध कराई जाए। संगठन ने परिवहन विभाग के अधिकारियों से इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेकर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की है, जिससे वाहन
स्वामियों को कथित आर्थिक शोषण से राहत मिल सके।ज्ञापन पर सोनभद्र ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने हस्ताक्षर कर विभाग से समस्या के त्वरित समाधान की मांग की है।
इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश देव पाण्डेय, उपाध्यक्ष अंकुर कश्यप,सुरेश गुप्ता, मनीष सिंह, आनंद शंकर दूबे, महामंत्री अभिषेक चौबे, देवेन्द्र कुमार पाठक, कोषाध्यक्ष आनन्द देव पाण्डेय, मीडिया प्रभारी सुरेंद्रनाथ चौबे, सचिव अविनाश कुमार मिश्रा, सुनील कुमार सिंह, दीपक सिंह, अशोक पासवान, रोहित सिंह, सुनील कुमार चौबे, रंजित कुमार पाण्डेय , अभिषेक कुमार सिंह, दिनेश कुमार, नीरज यादव,अवनीश कुमार पाण्डेय, सुमेर मौर्या समेत तमाम लोग मौजूद रहे।











