
*बेचूबीर बाबा धाम के चढ़ावे पर पुलिस की कथित वसूली का आरोप, मचा हड़कंप!*
*बेचूबीर बाबा धाम के चढ़ावे पर पुलिस की कथित वसूली का आरोप, मचा हड़कंप!*
◆ मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत, सीओ मड़िहान को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
*इण्डिया न्यूज़ लाइव टीवी संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता*
गुरमा,सोनभद्र। मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल महाल गांव स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक बेचूबीर बाबा धाम में आयोजित तीन दिवसीय मेले के दौरान चढ़ावे की धनराशि को लेकर पुलिस पर जबरन वसूली का गंभीर आरोप लगा है। मंदिर में चढ़े चढ़ावे से पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर 70 हजार रुपये वसूल किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बेचूबीर बाबा के वंशज एवं मंदिर व्यवस्थापक रोशनलाल यादव एडवोकेट ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल सहित पुलिस एवं प्रशासन के उच्चाधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
*70 हजार रुपये लेने और दोबारा 50 हजार मांगने का आरोप*
शिकायती पत्र में व्यवस्थापक रोशनलाल यादव एडवोकेट ने अहरौरा थानाध्यक्ष अजय मिश्रा एवं उपनिरीक्षक संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि 18 नवंबर से 20 नवंबर तक बेचूबीर बाबा धाम में तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले का आयोजन हुआ था। इस दौरान दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। मेला और पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे की धनराशि में से कथित रूप से थानाध्यक्ष द्वारा 50 हजार रुपये तथा उपनिरीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये, कुल 70 हजार रुपये जबरन लिए गए।आरोप है कि इसके अगले दिन 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई और धनराशि नहीं देने पर धमकी भी दी गई। व्यवस्थापक का कहना है कि इस कथित घटना से मंदिर के वंशजों एवं व्यवस्थापकों को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है। धार्मिक आस्था से जुड़े इस ऐतिहासिक धाम के चढ़ावे को लेकर इस तरह की कथित घटना बेहद गंभीर है।
*मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत, सीओ मड़िहान करेंगे जांच*
मामले को लेकर रोशनलाल यादव एडवोकेट ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से संबंधित उच्चाधिकारियों को भी शिकायती पत्र भेजा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी मड़िहान को सौंपी गई है। अब सभी की निगाहें जांच की निष्पक्षता और उसके परिणाम पर टिकी हैं।
*कार्रवाई नहीं हुई तो डीएम कार्यालय पर आमरण अनशन की चेतावनी*
मंदिर व्यवस्थापक एवं बेचूबीर बाबा के वंशज रोशनलाल यादव एडवोकेट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अहरौरा थानाध्यक्ष के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो बेचूबीर बाबा के वंशज जिलाधिकारी कार्यालय मिर्जापुर के समक्ष आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल हो तथा दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
*अब बड़ा सवाल यह है कि धार्मिक आस्था के केंद्र बेचूबीर बाबा धाम के चढ़ावे को लेकर लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर पुलिस एवं प्रशासन क्या कदम उठाता है? जांच में सच्चाई सामने आने और दोषियों पर कार्रवाई होने का इंतजार है।*











