
खलियारी में मृतक चिंटू जायसवाल के परिजनों से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, सौंपी आर्थिक सहायता
खलियारी में मृतक चिंटू जायसवाल के परिजनों से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, सौंपी आर्थिक सहायता
सोनभद्र( विनोद मिश्रा /सेराज अहमद )
वाराणसी के नमो घाट पर हुई घटना में मृतक राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल के परिजनों से मिलने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल खलियारी स्थित उनके आवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के पिता बद्रीनारायण जायसवाल से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से भेजी गई एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।मृतक के पिता ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मामले में अब तक हुई कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना था कि घटना में शामिल कुछ आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने सरकार से 50 लाख रुपये मुआवजा तथा मृतक की स्मृति में प्रतिमा स्थापित कराने की मांग दोहराई।इस दौरान सांसद छोटे लाल ने परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा तथा मृतक और घायल साथियों के लिए आर्थिक सहायता की मांग सरकार से की जाएगी।वहीं आशुतोष सिन्हा ने कहा कि घायल साथियों
की शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई कराने तथा नमो घाट पर लगे सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग भी की जाएगी।प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, छोटे लाल खरवार (सांसद), आशुतोष सिन्हा (एमएलसी), प्रदीप जायसवाल (प्रदेश अध्यक्ष, व्यापार सभा), अविनाश कुशवाहा (पूर्व विधायक), डॉ. अजय चौरसिया (प्रदेश सचिव), दिनेश अग्रहरी (जिलाध्यक्ष, व्यापार सभा), चंदन यादव, विकास केसरवानी, विजय शंकर जायसवाल पूर्व जिला पंचायत हीरालाल यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











